दिल्ली के रामानुजन कॉलेज में NSUI के पदाधिकारी अनस खान पर गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि उन्होंने दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के नाम पर छात्राओं को अहमदाबाद ले जाने का ऑफर दिया। इसके बदले उन्हें पैसे, गिफ्ट और दूसरी सुविधाएं देने की बात कही गई। मामला सामने आने के बाद कॉलेज ने अनस खान को सस्पेंड कर दिया है। इस मामले पर दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ (DUSU) के अध्यक्ष यश दबास ने भी बयान दिया है।

 

DUSU अध्यक्ष यश दबास ने कहा, 'हमें पता चला कि रामानुजन कॉलेज की NSUI यूनिट के उपाध्यक्ष अनस खान ने एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया था। इसमें नए एडमिशन लेने वाली छात्राओं को जोड़ा गया। इसके बाद उसने एक मैसेज पोस्ट किया। इसमें कहा गया कि लड़कियों की प्रोफाइल के हिसाब से उन्हें एक रात के लिए 10 हजार से 30 हजार रुपये दिए जाएंगे। साथ ही उन्हें NRI पुरुषों से मिलवाने की बात भी कही गई।'

छात्राओं ने भेजे धमकी भरे मैसेज के स्क्रीनशॉट

यश दबास ने आगे कहा, 'यह पहली बार नहीं है जब NSUI के किसी पदाधिकारी पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगे हैं। NSUI के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष फिरोज खान पर भी उनकी एक सहयोगी ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इस तरह की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हमें शक है कि यह NRI पुरुषों से जुड़ा कोई नेटवर्क हो सकता है।'

उन्होंने आगे कहा, 'कुछ छात्राओं ने हमें मैसेज के स्क्रीनशॉट भेजे हैं। इनमें दिख रहा है कि अनस खान उन्हें धमका रहा है। हमने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही रामानुजन कॉलेज के प्रिंसिपल से भी बात की है। हम सिर्फ उसे कॉलेज से निकालना नहीं चाहते। हम चाहते हैं कि हमारी बहनों को असुरक्षित महसूस कराने और उन्हें मानसिक परेशानी देने वालों को जेल भेजा जाए।'

NIA से जांच और सख्त कार्रवाई की मांग

यश दबास ने कहा, 'हम मांग करते हैं कि इस मामले की NIA से जांच कराई जाए। अनस खान और इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। अगर कोई हमारी छात्राओं को परेशान करता है तो उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए।'

 

यश दबास ने NSUI की ओर से सामने आए इस्तीफे के पत्र पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'NSUI ने खुद को बचाने के लिए पिछली तारीख का इस्तीफा तैयार किया है। वे इस तरह की चीजें सिर्फ मामले को दबाने के लिए करते हैं। यह NSUI और कांग्रेस की पुरानी आदत है। वे अपने कार्यकर्ताओं के साथ खड़े नहीं होते।'

सिर्फ सस्पेंड करना काफी नहीं- यश दबास

यश दबास ने कहा, 'उन्होंने ऐसा काम किया है, जिससे पूरे देश में उनकी बदनामी हुई है। अब वे पीछे की तारीख वाला इस्तीफा दिखाकर यह साबित करना चाहते हैं कि अनस खान उनके संगठन में काम नहीं करता था। लेकिन हमने खुद उसे NSUI के पूरे पैनल के लिए वोटिंग की प्रक्रिया संभालते देखा है।'

 

यश दबास ने कहा, 'सिर्फ सस्पेंड करना इस मामले में सही कदम नहीं है। हमारा मानना है कि जो भी लड़कियों को असहज महसूस कराता है या NRI लोगों से जुड़ा है, उसे जेल भेजा जाना चाहिए। ये मानसिक नक्सली हैं, जो हमारी फर्स्ट ईयर की छात्राओं को मैसेज करके एक रात के लिए पैसे देने का ऑफर करते हैं।'

 

फिलहाल अनस खान को कॉलेज से सस्पेंड किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, यश दबास ने इस मामले में पुलिस और NIA से जांच कराने की मांग की है।