एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ED) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ पब्लिक सर्विस कमीशन (CGPSC) के पूर्व चेयरमैन तमन सिंह सोनवानी को गिरफ्तार कर लिया है। सोनवानी के ऊपर CGPSC के स्टेट सर्विस परीक्षा में भ्रष्टाचार, प्रश्न पत्र लीक और हेराफेरी से जुड़े मामले का आरोप है।
ईडी ने तमन सिंह सोनवानी को प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA), 2002 के प्रावधान के तहत गिरफ्तार किया है। सोनवानी को 25 जुलाई को PMLA के धारा 19 के तहत गिरफ्तार किया गया और स्पेशल कोर्ट (PMLA), रायपुर के सामने पेश किया गया। कोर्ट ने सोनवानी को 30 जुलाई, 2026 तक सात दिनों के लिए ईड की कस्टडी में भेज दिया है।
यह भी पढ़ें: बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में हारा कारोबारी, वहीं कर दी फायरिंग
ईडी के रायपुर जोन ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई ईडी के रायपुर जोन ने की है। ईडी ने रायपुर की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग/एंटी-करप्शन ब्यूरो द्वारा दर्ज एफआईआर और उसके बाद सीबीआई की जांच के आधार पर यह कार्रवाई शुरू की थी।
यह भी पढ़ें: अलीगंज अग्निकांड: बुलडोजर चला, गिरफ्तारी हुई लेकिन अब तक पूरी नहीं हुई जांच
तमन सिंह सोनवानी पर क्या हैं आरोप?
तमन सिंह सोनवानी और अन्य लोगों पर आरोप है कि उन्होंने 2020-21 में आयोजित स्टेट सर्विस परीक्षाओं को करवाने में आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी की। एजेंसी की जांच में सामने आया है कि तमन सोनवानी ने दूसरे सरकारी कर्मचारियों और प्राइवेट लोगों के साथ मिलकर साजिश रची। साथ ही प्रश्न-पत्र लीक करके सेलेक्शन प्रक्रिया में हेर-फेर करके अपने रिश्तेदारों और पसंदीदा उम्मीदवारों को डिप्टी कलेक्टर और DSP जैसे सीनियर सरकारी पदों पर धोखाधड़ी से चुना।
