केरल की सत्ता से बाहर हुए पूर्व सीएम पिनराई विजयन अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) के निशाने पर आ गए हैं। बुधवार की सुबह ईडी की कई टीमें पिनराई विजयन के घर समेत कुल 10 ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। यह छापेमारी कोचीन मिनरल्स और रुटाइल लिमिटेड (CMRL) केस में की जा रही है। इसी केस में पिनराई विजयन की बेटी टी वीणा का नाम भी चर्चा में रहा था। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPM) के नेता पिनराई विजयन 10 साल मुख्यमंत्री रहने के बाद अब केरल की विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चुने गए हैं।
यह छापेमारी तिरुवनंतपुरम के उस किराए के घर में भी हो रही है जिसमें पिनराई विजयन मौजूदा वक्त में रहते हैं। मामला मनी लॉन्ड्रिंग से भी जुड़ा है इसलिए ED भी इस केस की जांच कर रही है और एकसाथ 10 जगहों पर छापेमारी की जा रही है। आरोप है कि CMRL ने पिनराई विजयन की बेटी की कंपनी को अवैध तरीके से पैसे दिए। बता दें कि चुनाव से पहले भी पिनराई विजयन की बेटी टी वीणा का नाम खूब चर्चा में रहा था।
यह भी पढ़ें: सत्ता जाते ही टूटने लगी TMC, शुभेंदु अधिकारी से मिल रहे तृणमूल कांग्रेस के नेता
क्या है CMRL केस?
इस केस की शुरुआत देश के कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय के तहत काम करने वाली एजेंसी सीरियस फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन ऑफिस (SFIO) की एक जांच से होती है। आरोप लगे कि अपनी बेटी के जरिए पिनराई विजयन ने पैसे लेकर CMRL को फायदा पहुंचाया। आरोप है कि खनन क्षेत्र में काम करने वाली इस कंपनी ने बिना किसी काम के ही करोड़ों रुपये टी वीणा को दिए। इसी केस में चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और कांग्रेस दोनों ने ही पिनराई विजयन का इस्तीफा मांगा था।
टी वीणा के पति मोहम्मद रियास केरल की सरकार में पर्यटन मंत्री थे। ED ने मार्च 2024 में टी वीणा, उनकी आईटी कंपनी और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग ऐक्ट (PMLA) केस दर्ज किया था। ED के मुताबिक, साल 2014 में टी वीणा ने एक्सालॉजिक सॉल्यूशन्स प्राइवेट लिमिटेड नाम से एक कंपनी शुरू की थी। आरोप है कि इसी कंपनी को CMRL ने 1.72 करोड़ की अवैध पेमेंट की जबकि इसके बदले वीणा की कंपनी ने कोई काम नहीं किया।
यह भी पढ़ें: 'एक साल सोशल मीडिया नहीं चलाओगे', ऐसी शर्त पर हाई कोर्ट ने क्यों दी जमानत?
इससे पहले गोल्ड स्मगलिंग केस में भी टी वीणा का नाम सामने आया था। तस्करी की आरोपी स्वपना सुरेश ने कहा था, 'केरल में K नाम से जितने भी प्रोजेक्ट शुरू होते हैं, असल में वे V प्रोजेक्ट हैं और वीणा के लिए पैसे कमाने का साधन हैं।' स्वपना ने यह भी कहा था कि उन्हें वीणा की कंपनी में नौकरी का भी ऑफर मिला था लेकिन उन्होंने स्वीकार नहीं किया था।
