उत्तर प्रदेश के जिला फतेहपुर में कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर रविवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। खागा कोतवाली क्षेत्र के भोगलपुर चौराहे के पास गाजियाबाद से वाराणसी जा रही स्लीपर टूरिस्ट बस आलू लदे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे में बस के अतिरिक्त कंडक्टर समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल हो गए। घायलों में छह की हालत गंभीर बताई गई है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद फतेहपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

तड़के तीन बजे ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, बस में चालक और कंडक्टर समेत करीब 40 लोग सवार थे। रविवार तड़के करीब तीन बजे बस खागा क्षेत्र के भोगलपुर चौराहे के पास पहुंची। इसी दौरान आगे चल रहे आलू लदे ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश में बस का बायां हिस्सा ट्रक से टकरा गया। हादसे के समय बस की रफ्तार करीब 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे बताई गई है। टक्कर के बाद बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

बस के अतिरिक्त कंडक्टर समेत दो की मौत

हादसे में बस की ऊपरी बर्थ पर सो रहे दो लोगों को गंभीर चोटें आईं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 31 वर्षीय आशीष कुमार पुत्र सुधीर कुमार, निवासी करबल नगर, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली और 34 वर्षीय आशीष गुप्ता पुत्र श्याम सुंदर गुप्ता, निवासी सुल्तानपुर घोष, फतेहपुर के रूप में हुई है। आशीष कुमार बस में अतिरिक्त कंडक्टर थे, जबकि आशीष गुप्ता नोएडा में रहकर व्यापारिक विषयों की तैयारी कर रहे थे।

 

यह भी पढ़ें: शव लेकर बंगाल जा रही एंबुलेंस हादसे का शिकार, दो भाइयों समेत 5 की मौत

हादसे में घायल यात्रियों के नाम

हादसे में घायल यात्रियों में सुल्तानपुर के कादीपुर निवासी पवन कुमार, आगरा के जगनेर क्षेत्र के सिंघाइच निवासी मनोज कुमार, वाराणसी के सारनाथ निवासी अशोक विश्वकर्मा, दिल्ली के न्यू फ्रेंडी क्षेत्र निवासी अभिनव पांडेय और आदित्य शर्मा शामिल हैं। इसके अलावा वाराणसी के लंका बालाजी निवासी संजना सिंह, नोएडा सेक्टर-75 निवासी रीता वर्मा और अनुज कुमार, प्रयागराज के झूंसी क्षेत्र निवासी धर्मेंद्र सिंह, फूलपुर निवासी सुरेंद्र सिंह और अल्लापुर निवासी रेनू सिंह भी घायल हुए हैं। मध्य प्रदेश के भाओपर निवासी पूनम जायसवाल और सिमरौली निवासी द्रवादय प्रसाद के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

छह घायलों की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर

हादसे की सूचना मिलते ही खागा पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस और पुलिस वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरदो पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बस के अतिरिक्त चालक मनोज कुमार और यात्री अशोक, संजना, रीता, धर्मेंद्र तथा सुरेंद्र को गंभीर हालत में फतेहपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

 

यह भी पढ़ें: 'मैंने कहा सोना मत खरीदो, लोगों ने मेरी बात, आज पैसे बच गए'- PM मोदी

हादसे के बाद बस चालक के फरार होने का आरोप

अस्पताल में भर्ती यात्रियों ने बस चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया। यात्रियों के मुताबिक, बस में दो चालक और दो कंडक्टर मौजूद थे। हादसे के बाद एक चालक और दोनों कंडक्टर मौके पर रहे, जबकि बस चला रहा चालक घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस हादसे की वजह और चालक के फरार होने के आरोप की जांच कर रही है।हाईवे पर हुए इस भीषण हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

 

पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायलों के उपचार की व्यवस्था कराई। हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक करने के खतरों को उजागर कर दिया है।