उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में संपत्ति के लालच में एक पिता ने अपने ही 13 साल के बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को तालाब में फेंक दिया ताकि वह अपने सगे भाइयों को इस मर्डर केस में फंसाकर जेल भिजवा सके। यह घटना सिरसा गांव की है, जहां पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और गाड़ी में मिले लड़ाई के निशानों के आधार पर आरोपी पिता प्रदीप भाटी को गिरफ्तार कर लिया है।

 

ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र के सिरसा गांव में रहने वाले प्रदीप भाटी का अपने भाइयों के साथ करीब एक करोड़ रुपये की पुश्तैनी जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते प्रदीप ने अपने भाइयों को रास्ते से हटाने के लिए एक बेहद खौफनाक योजना बनाई। उसने सोचा कि यदि वह अपने बेटे सुधांशु की हत्या कर देगा और इसका आरोप अपने भाइयों पर लगा देगा तो वे जेल चले जाएंगे और पूरी संपत्ति पर उसका अकेले का मालिकाना हक हो जाएगा। इसी लालच और नफरत में उसने शुक्रवार शाम को इस वारदात को अंजाम दिया।

 

यह भी पढ़ें: गर्भ में बेटा है या बेटी बता देते थे, पकड़े गए IMA के पूर्व डायरेक्टर

गाड़ी के अंदर क्या हुआ?

घटना के समय आठवीं कक्षा में पढ़ने वाला सुधांशु घर के बाहर नंगे पैर खेल रहा था। तभी प्रदीप उसे बहला-फुसलाकर अपनी गाड़ी में बैठाकर सुनसान इलाके की तरफ ले गया। पुलिस जांच में यह दर्दनाक खुलासा हुआ है कि गाड़ी के अंदर सुधांशु ने अपनी जान बचाने के लिए आखिरी पल तक पिता से बचने के कोशिश किया था। आरोपी की गाड़ी के डैशबोर्ड पर मासूम के पैरों की मिट्टी के निशान मिले हैं जो यह साफ बताते हैं कि जब पिता रस्सी से उसका गला घोंट रहा था तब बच्चा छटपटाते हुए बचने की कोशिश कर रहा था। आरोपी प्रदीप उस समय नशे में धुत था और उसे अपने ही मासूम बच्चे की तड़प देखकर भी दया नहीं आई।

सबूत मिटाने की कोशिश

हत्या के बाद प्रदीप ने रात करीब 8 बजे अपना मोबाइल बंद कर दिया ताकि उसकी लोकेशन का पता न चल सके। उसने शव को गांव के बाहर तालाब में फेंका और घर लौटकर ऐसा नाटक किया जैसे उसे कुछ पता ही न हो। जब बच्चा नहीं मिला तो उसके चाचा मोहित ने ही पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई जिन्हें प्रदीप असल में फंसाना चाहता था।

 

यह भी पढ़ें: 'लोन की किस्तें भर सकते हो तो बच्चों का पेट भी भरो', कोर्ट ने पिता को लताड़ा

सीसीटीवी फुटेज से खुलासा

शनिवार को तालाब से शव मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी जांच की जिसमें सुधांशु अपने पिता के साथ गाड़ी में जाता दिखा। पुलिस ने जब प्रदीप को हिरासत में लिया तो उसने पकड़े जाने के डर से ब्लेड से अपना गला काटकर सुसाइड की कोशिश की। पुलिस ने उसे तुरंत बचाकर अस्पताल पहुंचाया और गिरफ्तार कर लिया।