पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के बरनाला स्थित घर पर शनिवार देर रात फायरिंग की घटना सामने आई है। फरवाही गांव में बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनके घर पर करीब छह राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। बता दें कि गुलाब सिद्धू ने दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के साथ कई गानों में काम भी किया था। इस फायरिंग की जिम्मेदारी एक गैंगस्टर ने ली है।
फायरिंग के समय गुलाब सिद्धू ऑस्ट्रेलिया में थे जबकि उनके माता-पिता, पत्नी और बच्चे घर के अंदर मौजूद थे। बरनाला के SP संजीव गोयल के मुताबिक, तीनों आरोपी बाइक से पहुंचे थे। उन्होंने रात करीब 1:30 बजे से 2 बजे के बीच घर को निशाना बनाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में फायरिंग के पीछे धमकी और पुरानी रंजिश समेत कई पहलुओं को देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें: ‘दोनों इंजन में लगी है आग’, बिहार बाढ़ पर तेजस्वी का सरकार पर बड़ा हमला
एक गैंगस्टर ने ली जिम्मेदारी
फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर गैंगस्टर डोनी बल के नाम से एक कथित ऑडियो सामने आया है। इसमें हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। ऑडियो में गुलाब सिद्धू पर आरोप लगाया गया है कि वह सिद्धू मूसेवाला के हत्यारों के दोस्तों की शादियों में शामिल हो रहे थे और मूसेवाला के नाम का फायदा उठा रहे थे। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस ऑडियो की पुष्टि नहीं की है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ऑडियो में आवाज वास्तव में उसी व्यक्ति की है या नहीं।
कई धाराओं में केस दर्ज
फायरिंग के मामले में बरनाला सदर थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 61(2), 191 (3) और 190 के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया है। SP संजीव गोयल ने बताया कि गुलाब सिद्धू को पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं। उनकी सुरक्षा के लिए दो गनमैन भी तैनात किए गए थे। फायरिंग के वक्त दोनों सुरक्षाकर्मी घर पर ही मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: पत्नी का सिर काटकर फ्रिज में रखने वाला आरोपी पुलिस की गाड़ी से कूदा, मौके पर मौत
आपको बता दें कि गुलाब सिद्धू पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-माना नाम हैं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 17 लाख फॉलोअर्स हैं। वह दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के करीबी दोस्तों में शामिल रहे हैं। मूसेवाला की मई 2022 में मानसा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
