उत्तराखंड के नैनीताल जिले में एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की जान गई है। यहां हादसा भवाली-सेनिटोरियम मोटर मार्ग पर कार बेकाबू होकर 100 फुट गहरी खाई में जा गिरी।
घटनास्थल पर तुरंत राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ्य होने की प्रार्थना की।
यह भी पढ़ें: बॉलीवुड में पिता रहे हिट, बच्चों पर लगा फ्लॉप का दाग, काम मिलना हुआ मुश्किल
पुलिस के मुताबिक हादसा गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ। भवाली-सेनिटोरियम मोटर मार्ग पर एक कार बेकाबू होकर 100 फुट गहरी खाई जा गिरी। पांच लोगों की मौके पर ही जान चली गई। वहीं एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत से घायल व्यक्ति और शवों को बाहर निकाला। घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।
यह भी पढ़ें: बक्से में मिली थी लाश, प्रेमी से बात करने पर बाप ने ही की थी बेटी की हत्या
सीएम ने हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा, 'नैनीताल जनपद में वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। स्थानीय प्रशासन एवं SDRF द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी है। ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।'
