उत्तर प्रदेश के झांसी में श्राद्ध कर्म के दौरान मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। सुखनई नदी में एक व्यक्ति को डूबता देखकर उसे बचाने के लिए नदी में उतरे परिवार के चार अन्य लोग भी गहरे पानी में चले गए। एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में पांचों लोग नदी में डूब गए। हादसे में पिता-पुत्र, भतीजे और भांजे समेत एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और परिवार में कोहराम मच गया। यह हादसा मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर देवरिसिंहपुरा गांव के पास हुआ। परिवार के लोग पितृ पक्ष में श्राद्ध और पिंडदान की रस्म के लिए सुखनई नदी के किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और नदी में तलाश अभियान शुरू किया।
जानकारी के मुताबिक, देवीसिंहपुरा निवासी अनूप तिवारी अपने परिवार के लोगों के साथ श्राद्ध कर्म के लिए सुखनई नदी पहुंचे थे। श्राद्ध की रस्म के दौरान अनूप नदी में गए और अचानक गहरे पानी में चले गए। उन्हें डूबता देखकर उनका 12 वर्षीय बेटा अर्पित तिवारी, 26 वर्षीय भतीजा अभिनय तिवारी, 21 वर्षीय श्रेयांश तिवारी और 23 वर्षीय भांजा पुष्कर शुक्ला उन्हें बचाने के लिए नदी में उतर गए। एक व्यक्ति को बचाने की कोशिश में चारों भी गहरे पानी में फंस गए। देखते ही देखते पांचों लोग नदी में डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया गया।
यह भी पढ़ें: UP में धान पर बारिश की मार, लाखों हेक्टेयर धान की फसल हुई बर्बाद
आधे घंटे तक नदी में चला तलाश अभियान
पुलिस और गोताखोरों ने करीब आधे घंटे तक नदी में तलाश अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद पांचों लोगों को नदी से बाहर निकाला गया। सभी को तत्काल मऊरानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को हुई तो मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। एक साथ परिवार के पांच लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसर गया।
पिता-पुत्र, दो भतीजे और भांजे की मौत
हादसे में मृतकों की पहचान अनूप तिवारी, उनके 12 वर्षीय बेटे अर्पित तिवारी, भतीजे अभिनय तिवारी और श्रेयांश तिवारी तथा जालौन निवासी भांजे पुष्कर शुक्ला के रूप में हुई है। पांचों की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।बताया गया कि परिवार के लोग श्राद्ध कर्म के लिए नदी किनारे पहुंचे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में एक व्यक्ति को बचाने की कोशिश में परिवार के पांच लोगों की जान चली जाएगी।
यह भी पढ़ें: गैस सिलेंडर में धमाका, 2 मंजिला मकान जमींदोज, 4 सगे भाइयों की मौत, कई घायल
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिवार के लोगों से घटना की जानकारी ली। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मऊरानीपुर के क्षेत्राधिकारी रत्नेश कुमार के मुताबिक सुखनई नदी में पांच लोगों के डूबने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अनूप तिवारी नदी में डूबने लगे थे। उन्हें बचाने के प्रयास में उनके साथ आए चार अन्य लोग भी नदी में उतर गए और सभी हादसे का शिकार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
