उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक युवा चाय दुकानदार ने अधिकारियों पर परेशान करने का आरोप लगाया है। युवक ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा कि जब से यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने हमारी दुकान में चाय पी है तब से दंबग गाली-गलौच और मारपीट करने पर उतारू हैं। युवक ने खाद्य समेत अन्य विभागों के अधिकारियों पर भी परेशान करने का आरोप लगाया।
युवक की पोस्ट पर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अधिकारियों के साथ-साथ बीजेपी को भी घेरा और पूरे मामले को पीडीए से जोड़ दिया।
युवक ने अपने पोस्ट में लिखा कि हम गरीब परिवार से हैं। हम लड़ाई झगड़ा करने वाले नहीं हैं और न ही किसी से लड़ पाएंगे। इसके बाद युवक ने दुकान बंद करने और परेशान होकर घर-गांव छोड़ने की बात कही।
यह भी पढ़ें: 'मैं ही बदनाम हो रही हूं', चहल ने तानिया पर मानहानि का केस क्यों किया?
अखिलेश बोले- दुकान सील करने की दी जा रही धमकी
अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर बताया कि फतेहपुर में उन्होंने जिस आर्यन की दुकान पर चाय पी थी। वहां से फूड सिक्योरिटी विभाग ने सैंपल लिया और अब आर्यन को एल्युमीनियम के बर्तन में चाय बनाने के नाम पर दुकान सील करने की धमकी दी जा रही है।
अपनी पोस्ट में सपा अध्यक्ष ने लिखा, 'फतेहपुर में हमने आप में से एक जिस ‘आत्मनिर्भर आर्यन’ की दुकान पर प्रेमपूर्वक चाय पी थी, उसकी चाय का सैंपल फूड सिक्योरिटी विभाग ने लेकर आर्यन को ये धमकी दी है कि तुम एल्युमीनियम के बर्तन में चाय बनाते हो, तुम्हारी दुकान सील कर देंगे। शुक्र है ये नहीं कहा कि ‘लाल’ सिलेंडर पर बनाते हो तो सील कर देंगे, वैसे कह भी नहीं पाते, क्योंकि सिलेंडर तो मिल नहीं रहा है।'
यहां पढ़ें अखिलेश यादव की पूरी पोस्ट-
'भाजपा मेहनत करने वालों को धमकाती है'
अखिलेश यादव ने आगे कहा, 'ये धमकी सिर्फ एक आर्यन को नहीं है, उन सब आर्यन को है, जो महा-बेरोजगारी के इस भाजपाई दौर में चाय बनाकर या अपना कोई छोटा-मोटा काम करके अपने पैरों पर खड़े होने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा किसी को नौकरी-रोजगार तो देती नहीं है, उसके विपरीत जो स्वयं अपनी मेहनत से कुछ करना चाहते हैं, उनको सिर्फ इसलिए धमकाती है, क्योंकि हम जैसे लोग उनके काम को सम्मान देने के लिए, उनके कारोबार को प्रोत्साहित करने के लिए, उनके पास चले जाते हैं।'
निलंबन होगा या इनाम मिलेगा... अखिलेश का सवाल
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में यह भी लिखा, 'अब ये सरकारी विभाग का छोटापन लखनऊ तक पहुंचेगा तो देखते हैं कि इस कुकृत्य के लिए ऐसे अधिकारियों का निलंबन होता है या उनको इनाम दिया जाता है। फूड सिक्योरिटी विभाग कभी अपने भ्रष्टाचार का भी तो सैंपल ले। उस घूसखोर विभाग में महा-भ्रष्टाचार के जो बेहद बुरे हालात हैं, उसके आधार पर नाम बदलनेवालों को एक सुझाव ये है कि वो इस विभाग का नाम बदलकर सीधे ‘मिलावट विभाग’ ही कर दें या ‘भाजपा चंदा विभाग’।'
यह भी पढ़ें: ईरान ने दोबारा बंद किया स्ट्रेट ऑफ होर्मुज, डोनाल्ड ट्रंप पर लगाया बड़ा आरोप
अब 'पीडीए टी' शुरू होगी
अखिलेश यादव का कहना है कि अब पीड़ितों की सूची में ‘प्रीपेड पीड़ित’ के बाद ‘टी पीड़ित’ की एक नई श्रेणी जुड़ गई है। उन्होंने आगे कहा कि अब पूरे प्रदेश के चाय बेचनेवाले ‘पीडीए’ से जुड़ जाएंगे और एक नई चाय शुरू करेंगे, जिसका नाम ‘पीडीए टी’होगा।
उन्होंने आरोप लगाया, 'भाजपा ने अपनी तुच्छ राजनीति को पाताल से भी नीचे ले जाकर खड़ा कर दिया है। हम हर छोटे-से-छोटे गुमटी-टपरीवाले, रेहड़ी-पटरी-फेरी-ठेलेवालों, साप्ताहिक हाट-सब्जr बाजारवालों और हर छोटे-बड़े दुकानदार, काम कारोबार-कारखानेवालों की, अपनी रोजी-रोटी कमाने की सम्मानजनक कोशिश करनेवालों के साथ खड़े हैं और हमेशा रहेंगे।'
