तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पूर्व विधायक निर्मल घोष को आरजी कर मेडिकल कॉलेज एनं अस्पताल की जूनियर डॉक्टर के रेप और हत्या से जुड़े एक अलग मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई डॉक्टर के शव का जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कराने के आरोप में हुई है। निर्मल घोष को गुरुवार को ओडिशा से गिरफ्तार किया गया। उन पर सबूत मिटाने, आपराधिक साजिश और किसी व्यक्ति को उसकी इच्छा के खिलाफ काम करने के लिए मजबूर करने जैसे आरोप लगाए गए हैं।
यह मामला आरजी कर अस्पताल में डॉक्टर के रेप और हत्या की मुख्य जांच से अलग है। इस मामले की जांच CBI कर रही है। वहीं, अंतिम संस्कार को लेकर खड़दह थाने में दर्ज नई FIR के आधार पर पुलिस ने निर्मल घोष के खिलाफ कार्रवाई की है।
यह भी पढ़ें: हाजीपुर में ठेकेदार की हत्या, ग्रामीणों में आक्रोश; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पिता की शिकायत के बाद दर्ज हुआ नया केस
डॉक्टर के पिता ने सोमवार को खड़दह थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें आरोप लगाया गया कि निर्मल घोष समेत तीन लोगों ने उनकी बेटी के शव को जल्द अंतिम संस्कार कराने के लिए दबाव बनाया था। पुलिस के मुताबिक, परिवार की सहमति के बिना शव का जल्द अंतिम संस्कार कराकर सबूतों को दबाने की कोशिश की गई। बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के एक अधिकारी ने बताया कि नई FIR डॉक्टर के परिवार की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई है। यह मुख्य रेप और हत्या के मामले की जांच से अलग है।
पुलिस के अनुसार, डॉक्टर का शव पानीहाटी के एक श्मशान घाट ले जाया गया था। आरोप है कि वहां पहले से दो शव अंतिम संस्कार के लिए कतार में थे लेकिन डॉक्टर के शव का पहले ही अंतिम संस्कार करा दिया गया। अंतिम संस्कार से जुड़े दस्तावेज भी जांच के दायरे में हैं। पुलिस ने दावा किया है कि इन दस्तावेजों पर डॉक्टर के माता-पिता या परिवार के अन्य सदस्यों के बजाय पड़ोसियों के हस्ताक्षर होने की बात सामने आई है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्री के बैग से मिली खोपड़ी, CISF ने पकड़ा
9 अगस्त 2024 को मिली थी डॉक्टर की लाश
31 वर्षीय पोस्टग्रेजुएट ट्रेनी डाक्टर 9 अगस्त 2024 को आरजी कर मेडिकल कॉलेज के सेमिनार रूम में मृत मिली थीं। जांच में उनके साथ रेप और हत्या की पुष्टि हुई थी। शुरुआत में कोलकाता पुलिस ने मामले की जांच की लेकिन बाद में जांच CBI को सौंप दी गई। मुख्य मामले में एक आरोपी को दोषी ठहराया जा चुका है और मामला फिलहाल कलकत्ता हाई कोर्ट में लंबित है। वहीं, अंतिम संस्कार से जुड़े नए मामले की जांच अब पुलिस कर रही है। यह कार्रवाई डॉक्टर की दूसरी बरसी के कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के अलग जांच के निर्देश के कुछ दिन बाद हुई है।
