पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार देश के संविधान से ऊपर नहीं है और कांग्रेस नेताओं को संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए।
जयराम ठाकुर ने वीरवार को मंडी के इंदिरा मार्केट पार्क में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से आयोजित 'सेवा के रंग, राष्ट्र के संग' रंगोली कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा की बैठक में भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मंडी प्रभारी एवं पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, विधायक इंद्र सिंह, विधायक पूर्ण चंद ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, मंडी नगर निगम की मेयर सुमन ठाकुर और महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सीमा शर्मा सहित पार्टी के कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
'25 साल की सेवा के लिए मोदी को देश का नेतृत्व जारी रखना चाहिए'
मीडिया से बातचीत में जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के विकास और सेवा के लिए समर्पित होकर काम किया है। जयराम ने कहा कि देशवासी चाहते हैं कि आने वाले वर्षों में भी नरेंद्र मोदी देश का नेतृत्व करते रहें।
प्रदेश की सियासत को लेकर जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को शायद लगता है कि वह हिमाचल की राजनीति में 'हॉलीलॉज' को हाशिये पर करने में सफल हो गए हैं, लेकिन ऐसा सोचना सही नहीं है।
उन्होंने कहा कि जिस नेतृत्व का हिमाचल प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा हो, उसे इस तरह भुलाने और लगातार उसका निरादर करने की कोशिश कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति को दर्शाती है। पूर्व मुख्यमंत्री ने पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह के हालिया बयानों का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी अब छिपी नहीं रह गई है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि वह अक्सर भाजपा में गुटबाजी की बात करते हैं, लेकिन उन्हें पहले कांग्रेस के भीतर झांककर देखना चाहिए। जयराम ठाकुर के मुताबिक कांग्रेस में एक-दो नहीं, बल्कि कई गुट सक्रिय हैं और पार्टी के नेतृत्व को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें: साच पास में सीजन की तीसरी बर्फबारी, पांगी का चंबा से संपर्क कटा
'गांधी परिवार संविधान से ऊपर नहीं'
दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन पर जयराम ठाकुर ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ इस तरह का माहौल बनाया जाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार देश के संविधान से ऊपर नहीं है और कांग्रेस नेताओं को अराजकता का माहौल पैदा करने से बाज आना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि वह पड़ोसी देश बांग्लादेश के राजनीतिक घटनाक्रम से प्रभावित हैं और उन्हें लगता है कि अराजकता पैदा करके चुनी हुई सरकार को गिराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी सोच गलतफहमी पर आधारित है।
खारसी में 'समरसता संकल्प अभियान' में शामिल हुए जयराम
इसके बाद जयराम ठाकुर अपने गृह विधानसभा क्षेत्र सराज की ग्राम पंचायत खारसी के थाची पहुंचे, जहां उन्होंने 'समरसता संकल्प अभियान' में भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन संत शिरोमणि गुरु रविदास की स्मृति और उनके सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि गुरु रविदास ने समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास की शिक्षाएं जाति-पंथ के भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट, समरस और सशक्त समाज के निर्माण की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने लोगों से गुरु रविदास के बताए मार्ग पर चलने और समाज में शांति, सद्भाव तथा समानता का वातावरण मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया।
