उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 7 साल की मासूम के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। बच्ची के शव के पोस्टमॉर्टम के दौरान 25 से ज्यादा चोटों के निशान मिले हैं, 17 चोटें उसके सिर पर थीं। डॉक्टरों ने मासूम की बाईं टांग में दो फ्रैक्चर भी पाए। बच्ची का शव एक निर्माणाधीन मॉल के बेसमेंट में अर्धनग्न और खून से लथपथ हालत में मिला था। 

 

परिजनों के मुताबिक, बच्ची शाम करीब 7 बजे घर के बाहर खेल रही थी। काफी देर हो गई वह मिली नहीं, तो तलाश करना शुरू किया। इसके बाद रात करीब 10 बजे परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दी। शुरुआती जांच में जब सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो तीन युवक बच्ची को निर्माणाधीन बिल्डिंग के बेसमेंट की ओर ले जाते दिखे। बेसमेंट में बच्ची का शव बरामद हुआ, उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे। 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या पता चला? 

रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि बच्ची की मौत सिर पर गंभीर चोट लगने और बहुत ज्यादा खून बहने की वजह से हुई थी। हत्या से पहले उसके साथ दुष्कर्म भी किया गया था। उसके शरीर पर 25 से अधिक चोट के निशान मिले हैं, जिनमें से 17 चोटें केवल सिर पर थीं। उसकी बाईं टांग में दो फ्रैक्चर भी पाए गए। पुलिस के मुताबिक, बच्ची पर पहले लोहे की रॉड से हमला किया गया और बाद में उसका शव मॉल की तीसरी मंजिल से एक खाली शाफ्ट में फेंक दिया गया। पुलिस को घटनास्थल पर बच्ची की चप्पलें, उसका पैंट और खून से सनी लोहे की रॉड मिली। 

तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज 

इस मामले में पुलिस तीनों आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप और हत्या का केस दर्ज किया है। इनमें से दो मजदूरों, 18 वर्षीय विनय कुमार और 22 वर्षीय साहिबुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुरुआत में विनय को नाबालिग समझा गया था, लेकिन बाद में जांच में उसकी उम्र 18 वर्ष होने की पुष्टि हुई। बिहार के रहने वाले विनय और साहिबुद्दीन पिछले करीब ढाई महीने से इस निर्माणाधीन मॉल में काम कर रहे थे। 

नशे में किया दुष्कर्म

पुलिस के मुताबिक, वारदात से पहले दोनों आरोपी शराब के नशे में थे। दोनों बिहार से गाजियाबाद आने के बाद से एक-दूसरे को जानते थे और साथ रहते थे। पुलिस का कहना है कि वे रोजाना साथ में शराब पीते थे। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपियों ने बताया कि वे तीनों मजदूर हैं और पास की दूसरी बिल्डिंग में काम करते हैं। उस दिन उन्होंने साथ बैठकर शराब पी थी। इसके बाद बच्ची को बेसमेंट में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।