उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक मकान के अंदर मां और उसकी 12 वर्षीय बेटी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। दोनों के शव खून से लथपथ हालत में घर के अंदर मिले।
मंगलवार से महिला का मोबाइल फोन बंद होने और बुधवार सुबह तक घर का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो बाहर ताला लगा मिला। ताला तोड़कर अंदर गए तो मां-बेटी के शव देखकर उनके होश उड़ गए।
दोहरे हत्याकांड की सूचना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतका के भाई ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ ही हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
मामला गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र के धरवां गांव का है। मृतकों की पहचान जयमून निशा (35) और उनकी बेटी आईमन निशा (12) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, महिला अपनी बेटी के साथ गांव से कुछ दूरी पर बनी नई बस्ती के एक मकान में रहती थीं। उनके पति गुलफाम मेरठ में रहते हैं।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी करीब आठ साल से अलग रह रहे थे। इसके बाद से जयमून निशा अपनी बेटी के साथ इसी मकान में रह रही थीं। बुधवार सुबह मां-बेटी की हत्या की जानकारी सामने आने के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। दोनों के शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमलावर ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया और इसके बाद मकान के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया।
यह भी पढ़ें: फतेहपुर में डंपर ने बाइक को 150 मीटर घसीटा, मां-बेटी समेत तीन की दर्दनाक मौत
मंगलवार से बंद था महिला का मोबाइल, परिजनों को हुआ शक
परिजनों के मुताबिक, मृतका के भाई मोहम्मद अनिरुल्लाह ने मंगलवार को अपनी बहन को फोन किया था, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। कई बार संपर्क करने की कोशिश के बावजूद बात नहीं हो सकी। बुधवार सुबह भी जब बहन से संपर्क नहीं हुआ तो उन्होंने आसपास के लोगों से जानकारी की। इस दौरान पता चला कि मकान के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लटका है।
इसके बाद परिवार के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। अनिरुल्लाह ने अपनी बहनों जुबेदा खातून और शबाना खातून को घर जाकर पता लगाने के लिए भेजा। दोनों महिलाएं मौके पर पहुंचीं तो मकान बाहर से बंद मिला। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से ताला तोड़ा गया। अंदर पहुंचने पर जयमून निशा का शव फर्श पर खून से लथपथ पड़ा था, जबकि उनकी बेटी आईमन का शव बिस्तर पर मिला। दोनों की गर्दन पर धारदार हथियार से हमले के निशान थे। यह दृश्य देखकर परिजन चीखने-चिल्लाने लगे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जमीन किराये पर देने को लेकर विवाद, युवक पर हत्या का आरोप
इस दोहरे हत्याकांड में मृतका के भाई मोहम्मद अनिरुल्लाह ने गांव के ही परवेज उर्फ सोनू पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि आरोपी उनकी बहन से जमीन किराये पर मांग रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।
परिवार का आरोप है कि जमीन किराये पर नहीं देने को लेकर आरोपी पहले भी महिला को धमकी दे चुका था। इस संबंध में पहले शिकायत भी की गई थी, हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था।
परिजनों को आशंका है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते मां-बेटी की हत्या की गई है। हालांकि, अभी हत्या की असली वजह और वारदात में आरोपी की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
एसपी पहुंचे मौके पर, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही नंदगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है।
एसपी के मुताबिक परिजनों ने एक परिचित व्यक्ति पर हत्या का संदेह जताया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: बैंक में मदद का झांसा, असली नोट लेकर थमाते थे कागज; मुठभेड़ में 3 गिरफ्तार
मां-बेटी की हत्या से गांव में दहशत
एक ही मकान में मां और बेटी की इस तरह हत्या किए जाने से धरवां गांव में दहशत का माहौल है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर हमलावर घर में कैसे दाखिल हुआ और वारदात को अंजाम देने के बाद बाहर से ताला लगाकर कैसे निकल गया। परिवार की ओर से जमीन विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है। अब पुलिस जांच में यह साफ होगा कि इस दोहरे हत्याकांड के पीछे असली वजह क्या थी और इसमें कौन-कौन शामिल है।
