मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। वहां 20 साल की एक कॉलेज छात्रा ने सुबह अपने दादा के घर पहुंचकर उन पर एक क्रिकेट बैट से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए अरबिंदो अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि हत्या बचपन में हुए यौन शोषण का बदला लेने के लिए की गई थी।
ACP अशोक सिंह जादौन के अनुसार, लड़की का आरोप है कि जब वह छोटी थी तो उसके दादा उसके साथ छेड़छाड़ करते थे। इस कारण माता-पिता और लड़की दादा से अलग रहते थे। घर में हुए बहस के बाद उसने यह कदम उठाया।
यह भी पढ़ें: ग्रीन गैस कर्मचारी बनकर 23.50 लाख की ठगी, मास्टरमाइंड सलोनी मुंबई से गिरफ्तार
क्या है पूरा मामला?
घटना की जांच में सामने आया कि लड़की की सुरक्षा के संबंध में माता-पिता से बहस हो गई। आरोपी लड़की 3 अक्टूबर को घर देर से लौटी थी। इसी बात को लेकर मां-बाप ने उसकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। इसे लेकर वह चिढ़ गई और उन पर चिल्लाने लगी। उसने कहा कि जब बचपन में घर के भीतर ही उसका शोषण किया गया था तब तो उन्होंने कुछ भी नहीं किया था।
इसी बहस के बाद लड़की का गुस्सा बेकाबू हो गया। वह तुरंत अपनी बाइक की चाबी और क्रिकेट बैट उठाकर तड़के 3 बजे अपने दादा-दादी के घर पर जा पहुंची। घर का दरवाजा दादी ने खोला लेकिन वह सीधे अपने दादा के कमरे में दाखिल हुई और सो रहे दादा के सिर और चेहरे पर बैट से 7 से 8 बार जोरदार हमला किया।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में 7 अक्टूबर को खुलेगा नौकरी का पिटारा? कैबिनेट में 4600 पदों पर नजर
अस्पताल में मौत
दादी के शोर मचाने के बाद आसपास के लोग घर की ओर दौड़े और खून से लथपथ बुजुर्ग को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी लड़की को हिरासत में ले लिया है। साथ ही मामले की आगे की कानूनी जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि लड़की का कहना है कि जब वह छोटी थी उसके साथ दादा का वह बर्ताव उस पर गहरा घाव छोड़ दिया था। उसके दादा मध्य प्रदेश विशेष सशस्त्र बल (SAF) से सेवानिवृत्त जवान थे।
