हरियाणा के फरीदाबाद से एक खौफनाक खबर सामने आ रही है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी की गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने महिला को शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक शादी का विरोध करने पर महिला ने यह खौफनाक कदम उठाया है। गिरफ्तार करने के बाद महिला को अदालत में पेश किया गया। जहां कोर्ट ने उसे दो दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
सदाकत के भाई नजाकत के बयान के आधार पर पुलिस ने सूरजकुंड थाने में अनीता के खिलाफ मामला दर्ज किया था। फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता ने कहा कि पुलिस टीम ने कुछ ही घंटों में मामले सुलझा लिया और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। रिमांड पर लेने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें: जैश के निशाने पर थे शुभेंदु, जंतर-मंतर में भी बवाल मचाने की थी साजिश
पुलिस के मुताबिक घटना फरीदाबाद जिले के अनंगपुर गांव के डोमका मोहल्ले की है। यहां गुरुवार को एक कमरे में शख्स की सड़ी-गली लाश मिली थी। पुलिस की जांच में मामला हत्या का निकला और तार अनीता नाम की महिला से जुड़े। पुलिस टीम ने जब अनीता को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना गुनाह कबूल लिया।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान सदाकत के तौर पर हुई है। महिला ने बताया कि वह अपने प्रेमी सदाकत पर शादी का दबाव बना रही था। मगर वह टाल-मटोल कर रहा था। 25 जुलाई को महिला ने सदाकत को अपने कमरे में बुलाया। यहां उसे शराब पिलाई। नशे में ही सदाकत अनीता के कमरे में ही सो गया। इसके बाद अनीता ने चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह कमरे में ताला लगाकर फरार हो गई।
यह भी पढ़ें: जमुई: 7 साल की ममेरी बहन से बहला-फुसलाकर किया दुष्कर्म, आरोपी रिश्तेदार गिरफ्तार
फरीदाबाद पुलिस ने बताया कि अनीता मध्य प्रदेश के रीवा जिले की रहने वाली है। शुक्रवार देर रात गिरफ्तार करने के बाद उसे अगले दिन यानी शनिवार को अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे दो दिन के न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक सदाकत रंगाई-पुताई करता था, जबकि अनीता साफ-सफाई करती थी। दोनों एक ही सोसायटी में काम करते थे और शादीशुदा थे, लेकिन अनीता को उसके पति ने छोड़ दिया था।
