गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों को बड़ी सफलता मिली है। विमान के टॉयलेट में लगे स्पीकर बॉक्स के अदर सोने के 24 बिस्कुट को छिपाया गया था। एयरक्राफ्ट इंजीनियरों की मदद से अवैध सोने की खेप निकाली गई। काले प्लास्टिक में इसे छिपाया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि इंडियो की फ्लाइट (6E-1478) दुबई से अहमदाबाद आई थी। फ्लाइट में सोने की खेप छिपी होने की जानकारी मिली। इसके बाद तलाशी ली गई तो विमान के सामने वाले टॉयलेट में लगे स्पीकर बॉक्स के अंदर काले प्लास्टिक टेप से लिपटे दो पाउच मिले। पैकेट खोलने पर 24 कैरेट सोने के 24 बिस्कुट मिले। इनका वजन 2.79 किलो ग्राम है। स्थानीय बाजार में सोने की कीमत 4.26 लाख रुपये है।
यह भी पढ़ें: लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ होंगे अगले आर्मी चीफ, कब संभालेंगे पदभार?
अधिकारियों ने बताया कि अभी तक सोने पर किसी ने मलिकाना हक नहीं जताया है। इस कारण से कस्टम एक्ट 1962 के प्रावधानों के तहत संपत्ति को अनक्लेम्ड के तौर पर जब्त किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सोने की खेप को तस्करी के इरादे से छिपाया गया था।
गांजे के साथ पकड़ी गई मॉडल
एक दिन पहले ही मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम ने एक मॉडल को गिरफ्तार किया था। उसके पास से करीब 11.82 करोड़ रुपये का 'हाइड्रोपोनिक मारिजुआना' यानी गांजा मिला था। 28 वर्षीय मॉडल हर्षा सनी अवैध नशे की यह खेप बैंकॉक से लाई थी।
संदिग्ध व्यवहार के बाद एयरपोर्ट पर अधिकारियों ने मॉडल की तलाशी ली तो ट्रॉली बैग में 12 वैक्यूम सील्ड प्लास्टिक बैग में गांजे की खेप मिली थी। आरोपी हर्षा 'मिसेज केरल' 2025 की पूर्व प्रतियोगी भी रह चुकी है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने हर्षा को अदालत में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अब पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि क्या पहले भी अवैध खेप लाई गई थी। अगर लाई गई थी तो इसकी सप्लाई कहां-कहां हुई। इस पूरे नेटवर्क से कौन-कौन जुड़ा है?
