उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में 10 साल के बच्चे का अपहरण करने के बाद उसकी हत्या करने के मामले ने सभी को सन्न कर दिया है। यह मामला गोरखपुर के खजनी कस्बे का है, जहां घर के बाहर खेलते समय 10 साल का बच्चा लापता हो गया था। बाद में बच्चे की लाश मिली थी। पुलिस ने बच्चे की हत्या करने के करने वाले पड़ोस को व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि बच्चे का शव उसके घर से करीब 20 मीटर दूर आरोपी के घर के तहखाने से बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान वैभव वर्मा के रूप में हुई है। वैभव चौथी कक्षा का छात्र था और शहर के नामी ज्वेलर लक्ष्मी नारायण वर्मा का पोता था।
यह भी पढ़ें: मुस्लिम युवक ने दोस्त संग उठाई 251 लीटर की कांवड़, दिया भाईचारे का संदेश
स्कूल से लौटने के बाद लापता हुआ बच्चा
पुलिस के मुताबिक, वैभव सोमवार दोपहर स्कूल से लौटने के बाद लापता हो गया था। पुलिस ने बताया कि वैभव दोपहर करीब डेढ़ बजे घर पहुंचा था और कपड़े बदलने के बाद साइकिल लेकर पड़ोस में खेलने चला गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की और बाद में उसकी साइकिल घर के पास लावारिस हालत में मिली, जबकि एक चप्पल पास के खाली मैदान से बरामद हुई, जिससे अपहरण की आशंका जताई गई।
हत्यारो को पकड़ने के लिए पांच टीमें गठित
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। गोरखपुर के एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बच्चे की तलाश के लिए पांच टीमें गठित कीं। पुलिस ने फोरेंसिक विशेषज्ञों और श्वान दस्ते की मदद से इलाके की जांच की तथा सीसीटीवी फुटेज खंगाली। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान एक सीसीटीवी फुटेज में वैभव को पड़ोसी सर्वेश भट्ट के साथ जाते हुए देखा गया।
आरोपी कंप्यूटर टीचर
सर्वेश भट्ट कंप्यूटर टीचर है और पीड़ित परिवार के घर के पास ही रहता है। पुलिस ने सर्वेश को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसने बच्चे के अपहरण और हत्या की बात स्वीकार कर ली और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वैभव का शव भट्ट के घर में बने बेसमेंट से बरामद किया।
यह भी पढ़ें: रात में कैब का इंतजार कर रही थी महिला, छेड़खानी करने लगा शख्स, हो गया गिरफ्तार
कड़ी कार्रवाई की मांग
पुलिस ने बताया कि वैभव आरोपी से परिचित था, जिसके कारण आरोपी को बच्चे का विश्वास हासिल करने और उसे अपने साथ ले जाने में आसानी हुई होगी। शव मिलने के बाद इलाके में भारी गुस्सा फैल गया है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और कुछ समय के लिए सड़क जाम कर दी। बड़ी संख्या में महिलाएं भी कार्रवाई की मांग को लेकर थाने के बाहर पहुंचीं।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
