दिल्ली में कांग्रेस पार्टी को एस्टेट डिपार्टमेंट की तरफ से नोटिस मिला है। इस नोटिस के मुताबिक कांग्रेस पार्टी का अकबर रोड स्थित कार्यालय 28 मार्च से पहले खाली करना होगा। इस आदेश के खिलाफ सांसद इमरान मसूद ने बीजेपी (BJP) पर आरोप लगाया है। इमरान का मानना है कि कार्यालय खाली कराने का आदेश के जरिए बीजेपी पार्टी कांग्रेस पर दबाव बनाना चाहती है। इमरान मसूद के अलावा कांग्रेस पार्टी के अन्य नेता जैसे सांसद प्रमोद तिवारी ने भी बीजेपी पार्टी पर निशाना साधा है।
सांसद इमरान मसूद के अलावा सांसद प्रमोद तिवारी ने भी बीजेपी पार्टी के खिलाफ अहम बयान दिए हैं। एक तरफ सांसद इमरान मसूद का कहना है कि कार्यालय खाली कराने के बहाने से सत्ता पक्ष यानी बीजेपी कांग्रेस को चुप कराना चाहती है। वहीं दूसरी तरफ सांसद प्रमोद तिवारी ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा है कि बीजेपी सरकार लोकतांत्रिक सरकार नहीं है। इन आरोपों और दावों ने बीजेपी और कांग्रेस पार्टी के बीच की जुबानी जंग तेज कर दी है।
यह भी पढ़ें: रेग्युलर जिम, बेहद फिट शरीर, वर्कआउट करते करते दिल्ली पुलिस के जवान की मौत
इमरान मसूद ने बीजेपी पर साधा निशाना
कार्यालय खाली कराने के आदेश को लेकर आज इमरान मसूद ने बीजेपी पार्टी पर कहा है, 'सरकार हमें दबाव में लेना चाहती है। वह सोचती है कि कांग्रेस की आवाज को बंद कर दे, लेकिन कांग्रेस की आवाज देश की आवाज है, यह बंद नहीं होगी। आप हमें डराने की कोशिश मत कीजिए। क्या आपने बीजेपी का कार्यालय 11 अशोक रोड खाली करा लिया? क्या पंत मार्ग पर बना बीजेपी का कार्यालय खाली कराया गया?'
इसके बाद इमरान मसूद ने कहा है, 'यह बीजेपी पार्टी की बौखलाहट है, क्योंकि बीजेपी पार्टी ईरान के युद्ध के संबंध में कुछ नहीं कर पाई है, इसलिए ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। देश को लाइन में लगा दिया गया है और अब 28 मार्च बीतने दीजिए, फिर देखिए देश की क्या हालत होती है। देश की हालत इतनी खराब है और आप सोचते हैं कि हम आपकी नाकामी और नासमझी को दरकिनार करते रहें। जहां से कामयाबी मिलने वाली थी, वहां से खो दिया है। ट्रंप साहब सिर्फ अपनी रक्षा करते हैं, उन्हें सिर्फ अपना और अमेरिका का हित चाहिए। वह एक दिन इजराइल को भी छोड़कर भाग जाएंगे। सऊदी और दुबई का क्या हाल कर दिया, देख लीजिए। ये सारे देश ट्रंप के पीछे पड़े थे, उनका क्या हाल कर दिया। एक दिन भारत का भी ऐसी हालत करेंगे। हम तो विश्व गुरु बनने चले थे, लेकिन बीजेपी ने हमें कहां लाकर खड़ा कर दिया है।'
यह भी पढ़ें: 'मुस्लिम घर में हिंदू लड़कियों की शादी करा रहा RSS', अविमुक्तेश्वरानंद का आरोप
प्रमोद तिवारी ने कहा अलोकतांत्रिक सरकार
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने भी बीजेपी सरकार पर तंज कसते हुए कहा, 'देखिए यह सरकार,बीजेपी सरकार लोकतांत्रिक सरकार नहीं है। यह पूरी तरह से दुखद है।'इसके बाद उन्होंने कहा, 'आने दीजिए नोटिस, हम उस पर वैधानिक कार्रवाई करेंगे।'
48 साल रहा मुख्य कार्यालय
अकबर रोड स्थित कार्यालय पिछले 48 सालों से कांग्रेस पार्टी का मुख्य कार्यालय रहा है। हालांकि पिछले साल कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली के कोटला मार्ग पर अपना नया कार्यालय बनाया था। फिलहाल कांग्रेस पार्टी ने अकबर रोड स्थित कार्यालय को खाली नहीं किया है।
