उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में गुटखा मांगने को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी झगड़े में बदल गया। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के खेड़ी भनौता गांव में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के एक जवान ने कथित कौर पर दुकानदार पर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली चला दी। गोली लगने से दुकानदार घायल हो गया जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहत की बात यह है कि डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अब खतरे से बाहर है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी जवान को गिरफ्तार कर उसकी लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, खेड़ी भनौत गांव निवासी 42 वर्षीय उदय प्रताप अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान गांव में रहने वाला आईटीबीपी जवान सुरेंद्र फौजी वहां गुटखा लेने पहुंचा। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सुरेंद्र ने गुस्से में अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर उदय प्रताप पर फायर कर दिया।
यह भी पढ़ें: सोनम वांगचुक 2.0 क्यों कहलाए देवेंद्र नाथ महतो? जानिए कौन हैं ये
गोली उदय प्रताप के पेट के निचले हिस्से में लगी और आर-पार निकल गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दुकानदार को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने सीटी स्कैन और अन्य जांच के बाद बताया कि गोली शरीर से बाहर निकल गई थी और अंदरूनी अंग सुरक्षित हैं। फिल्हाल घायल की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया
यह भी पढ़ें: छात्र आंदोलन के दौरान लाठीचार्ज का आरोप, जांच करेगी कांग्रेस
घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर सुरजपुर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज किया। मंगलवार सुबह पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र फौजी को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई होगी।
