ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला 14 नवंबर को चंडीगढ़ में 10वें मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल में पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी अंतरिक्ष यात्रा को लेकर अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) में 20 दिन बिताने के दौरान उन्होंने 320 बार पृथ्वी की परिक्रमा की और करीब 1.4 करोड़ किलोमीटर का सफर तय किया।

 

शुभांशु शुक्ला ने कहा कि अंतरिक्ष में जाने के लिए चयन उनका हुआ था, लेकिन अभियान पूरे देश का था। उन्होंने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दी। बच्चों को बताया कि अंतरिक्ष में पहुंचने पर कैसा महसूस होता है, वहां से पृथ्वी कैसी दिखाई देती है। शुभांशु शुक्ला ने बताया कि 2019 में चयन प्रक्रिया से अभियान की शुरुआत हुई थी। अमेरिका में एक वर्ष तक चले प्रशिक्षण चला था।

 

यह भी पढ़ें: फिंगरप्रिंट से खुल रहे अपराधों के राज, हरियाणा पुलिस को बड़ी सफलता

सैन्य इतिहास जानने का मौका

10वें मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल का आयोजन 13 से 15 नवंबर तक चंडीगढ़ के लेक क्लब (सुखना लेक) में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन का उद्घाटन पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने किया। इस फेस्टिवल में भारतीय सशस्त्र बलों के हथियारों और सैन्य उपकरणों की प्रदर्शनी के साथ, परमवीर चक्र विजेताओं और युद्ध के वीरों से मिलने का अवसर मिल रहा है। सैन्य इतिहास, वीरता और राष्ट्र सेवा के किस्से सुनने को मिल रहे हैं। इस फेस्टिवल में हॉर्स और डॉग शो भी हो रहा है।

 

यह भी पढ़ें: हरियाणा में नर्सिंग ऑफिसर्स की हड़ताल से पहले फोन टैपिंग का आरोप, क्या है विवाद?

ये है फेस्टिवल का उद्देश्य

इस फेस्टिवल का विशेष उद्देश्य युवाओं को सशस्त्र बलों, सैन्य सेवाओं और रक्षा क्षेत्र में अवसरों से परिचित कराना है। युवाओं को सशस्त्र बलों से जोड़ना और उन्हें देश की सेवा के लिए प्रेरित करना है। 2017 में शुरू हुआ यह फेस्टिवल सैन्य इतिहास, परंपराओं और राष्ट्रीय रक्षा के बारे में जागरूकता बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण मंच बन गया है। फेस्टिवल में युद्ध की बदलती प्रकृति और आधुनिक सैन्य अभियानों में प्रौद्योगिकी के बढ़ते महत्व पर भी प्रकाश डाला जा रहा है। बड़ी संख्या में युवा इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में भाग लेंगे और सैन्य सेवा और राष्ट्रीय सुरक्षा की गहरी समझ विकसित करेंगे।