पंजाब के लुधियाना में शनिवार को दिल दहला देने वाली वारदात हो गई। जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। रंजिश के चलते हमलावरों ने एक व्यक्ति का हाथ काटकर उसे लिफाफे में डालकर दुकानदार को दिया और कहा कि पड़ोसियों को दे देना। इलाज के दौरान पीड़ित की मौत हो गई। रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना से स्थानीय निवासियों में गुस्सा देखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
जानकारी के अनुसार डाबा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कि रेडू साहिब गुरुद्वारे के पास एक मकान में मारपीट हुई है। सूचना मिलते मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि हमलावरों ने शक्ति सिंह उर्फ भूरा के साथ मारपीट कर उस पर तलवार से हमला किया। इस दौरान उसका हाथ काटकर अलग हो गया। शक्ति सिंह को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले का खुलासा तब हुआ जब बाइक सवार हमलावर बागी स्टैंड इलाके में सतगुरु नगर की गली नंबर-9 में एक करियाना स्टोर पर पहुंचे और दुकानदार को सफेद रंग के लिफाफे में कटा हुआ हाथ दिया और कहा कि ये लिफाफा पड़ोसियों को दे देना। दुकानदार को धमकी दी कि विरोध करने पर उनका भी यही अंजाम होगा।
यह भी पढ़ें: गाने में काम दिलाने के बहाने गैंगरेप करने वाले 3 दोषियों को 20-20 साल की कैद
पुलिस को मिला भूरा का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में ये मामला रंजिश का निकला है। भूरा से संपर्क रखने वाले सभी लोगों की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस रिकॉर्ड में भूरा पर पहले से करीब 12 मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। फिलहाल मामले में पुलिस घटनास्थल और दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
यह भी पढ़ें: चंडीगढ़: सचिवालय, नेताओं, गायक और स्कूलों को बम से उड़ाने की मिली धमकी
दहशत में स्थानीय निवासी
इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई। हालांकि, पुलिस पर भी घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंचने का आरोप लगा है। पुलिस ने कटे हुए हाथ को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है। फिलहाल आरोपियों की पहचान करने के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के अलावा स्थानीय लोगों और भूरा से संपर्क रखने वाले लोगों से पूछताछ में जुटी हुई है।
