चंडीगढ़ में हरियाणा सरकार के मंत्रिमंडल स्तर पर एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला है। राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को अब नागरिक उड्डयन विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया गया है। अब तक इस विभाग की कमान कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के हाथों में थी। इनसे यह जिम्मेदारी वापस ले ली गई है।
राज्यपाल ने मुख्यमंत्री की सलाह पर इस फेरबदल को अपनी मंजूरी दे दी है। हरियाणा सरकार की तरफ से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। इसके बाद यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
यह भी पढ़ें: प्रॉपर्टी-इंश्योरेंस का पैसा हड़पना चाहती थी महिला; पति, बेटे, भांजे को दिया जहर
विभागों की नई व्यवस्था क्या है?
इस प्रशासनिक बदलाव के बाद दोनों नेताओं के पास जिम्मेदारियों का बंटवारा कुछ इस तरह होगा। मुख्यमंत्री के पास पहले से मौजूद सभी विभागों के साथ-साथ अब नागरिक उड्डयन यानी सिविल एविएशन विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी रहेगी। विपुल गोयल से भले ही सिविल एविएशन विभाग वापस ले लिया गया है लेकिन उनके पास राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग का प्रभार पहले की तरह ही बना रहेगा। सरकारी नोटिफिकेशन जारी होने के साथ ही मुख्यमंत्री ने इस विभाग का कार्यभार संभाल लिया है।
विपुल गोयल से जुड़े हालिया विवाद
विपुल गोयल हरियाणा सरकार में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कैबिनेट मंत्री और फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र (निर्वाचन क्षेत्र 89) से विधायक हैं। उनके पास राजस्व एवं आपदा प्रबंधन और शहरी स्थानीय निकाय विभाग हैं। वह 2014 में पहली बार बीजेपी के टिकट पर हरियाणा विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बने। मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व वाली सरकार में वह 22 जुलाई 2016 से 27 अक्टूबर 2019 तक उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री रहे। नायब सैनी की सरकार में उन्होंने 17 अक्टूबर 2024 को कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला।
मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो विपुल गोयल से यह विभाग वापस लेने के पीछे का कारण है हिसार एयरपोर्ट पर सुस्त ट्रैफिक और कम उपयोग को लेकर उठ रहे सवालों व विवादों के बीच उठाया गया है। इसके अलावा फरीदाबाद में विपुल गोयल के गुट और सांसद कृष्णपाल गुर्जर के गुट के बीच लंबे समय से राजनीतिक खींचतान और गुटबाजी की खबरें सामने आती रही हैं, जिसमें नगर निगम से जुड़े मुद्दे और स्थानीय कार्यक्रमों को लेकर टकराव शामिल है।
यह भी पढ़ें: रोहतक में पुलिस चौकी से 50 कदम की दूरी पर गैंगवार में 4 लड़कों की हुई मौत
अक्टूबर 2026 में एक वीडियो को लेकर चर्चा हुई थी जिसमें कथित तौर पर कुर्सी पर बैठने को रोकने की बात कही गई। हालांकि, बीजेपी के जिला महामंत्री शोभित ने इस तरह के किसी विवाद से इनकार करते हुए कहा था कि वीडियो का गलत मतलब निकाला जा रहा है।
