कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 11 नवंबर की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब मुंबई जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट को हाईजैक करने की धमकी मिली। यह धमकी फ्लाइट के ही एक टॉयलेट के शीशे पर लिखे हुए पाए गए। इसके बाद एयरपोर्ट और एयरलाइन अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया।

 

खबरों की माने तो जैसे ही प्लेन टेकऑफ करने की तैयारी में था, तभी किसी की टॉयलेट के शीशे पर लिखे मेसेज पर नजर पड़ी। खतरे की गंभीरता को समझते हुए पायलट ने बिना देर किए तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी और सुरक्षा प्रोटोकॉल को एक्टिवेट कर दिया गया।

 

यह भी पढ़ें: ‘माता सीता के साथ गलत हुआ, मैं राम मंदिर कभी नहीं जाऊंगा’- TMC सांसद कीर्ति आजाद

एजेंसियों ने कब्जे में लिया प्लेन

सूचना मिलते ही फ्लाइट को तुरंत मुख्य रनवे से हटाकर सुरक्षित जगह भेज दिया गया। इसके बाद सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (CISF) और एयरपोर्ट की स्पेशल सिक्योरिटी टीमों ने पूरे प्लेन को अपने घेरे में ले लिया। विमान में सवार यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षाकर्मियों ने सभी हिस्से की बारीकी से जांच की है। प्लेन के कोने-कोने,  सीटों और कॉकपिट से लेकर टॉयलेट तक की छानबीन की जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध चीज की मौजूदगी का पता लगाया जा सके। साथ ही विमान में रखे गए सभी बैग और कार्गो की भी दोबारा सुरक्षा जांच की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: 'दिसंबर में कभी नहीं होता, -30 तक तापमान', लद्दाख के चुनाव पर भड़के सोनम वांगचुक

CCTV खंगालने में जुटी पुलिस

धमकी किसने और किस मकसद से लिखी थी, इसका पता लगाने के लिए पुलिस और तमाम सुरक्षा एजेंसियों ने मिलकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारी अब एयरपोर्ट परिसर और विमान के अंदर लगे CCTV कैमरों की फुटेज को ध्यान से खंगाल रहे हैं। इस जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उड़ान से ठीक पहले बाथरूम में कौन-कौन से यात्री या कर्मचारी दाखिल हुए थे। ताकि उस शरारती तत्व या संदिग्ध व्यक्ति की पहचान जल्द से जल्द की जा सके।