उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में शादी की पहली ही रात नवविवाहित दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शादी के कुछ घंटे बाद ही दूल्हा-दुल्हन की लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। दुल्हन अनीता चौहान (22) लाल जोड़े में जमीन पर पड़ी मिली, जबकि दूल्हा देशराज चौहान (24) कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। एक दिन पहले ही दोनों की शादी हुई थी और रात तक घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं।

 

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे दूल्हे की मौसी मीनाक्षी बहू को जगाने के लिए कमरे के पास पहुंचीं। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा खोला गया तो कमरे के अंदर का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे में दुल्हन अनीता लाल जोड़े में फर्श पर पड़ी थी, जबकि देशराज का शव फंदे से लटक रहा था। यह देखकर मौसी ने शोर मचाया। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और दूल्हे के शव को फंदे से नीचे उतारा। कुछ ही देर में घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।

एक दिन पहले मंदिर में हुई थी शादी

 देशराज और अनीता की शादी 21 सितंबर को बांसी के टेकधर बाबा मंदिर में हुई थी। दोनों परिवारों ने करीब तीन महीने पहले रिश्ता तय किया था। जुलाई में दोनों की सगाई भी हो चुकी थी। बताया गया कि दोनों की शादी पहले मई 2027 में प्रस्तावित थी लेकिन बाद में परिस्थितियों के चलते शादी पहले करने का फैसला लिया गया। शादी के बाद दोनों परिवारों में खुशी का माहौल था। रिश्तेदार और परिचित विवाह समारोह में शामिल हुए थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि शादी की पहली ही रात यह खुशियां मातम में बदल जाएंगी।

 

यह भी पढ़ें: बिना परमिट नहीं चलेंगे ई-रिक्शा! यूपी सरकार केंद्र को भेजेगी प्रस्ताव

दावत में दूल्हा-दुल्हन ने किया डांस

शादी के बाद घर में का दावत का कार्यक्रम भी हुआ। बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम रात करीब 11 बजे तक चला। इस दौरान दूल्हा-दुल्हन ने डीजे पर डांस भी किया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोनों अपने कमरे में चले गए। परिवार के लोग भी कार्यक्रम के बाद सोने चले गए। सुबह जब कमरे का दरवाजा खुला तो दोनों की मौत की खबर सामने आई। शादी के कुछ ही घंटे बाद दूल्हा-दुल्हन के शव मिलने से परिवार के साथ रिश्तेदार भी सदमे में हैं।

 

दोनों की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि रात में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा। इसके बाद पति ने पत्नी की हत्या करने के बाद खुद फंदा लगाकर आत्महत्या की होगी। हालांकि पुलिस ने अभी इस आशंका की पुष्टि नहीं की है।पुलिस हत्या, आत्महत्या और घटना से जुड़े दूसरे संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट करने की कोशिश की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: लखीमपुर के स्कूल में गोलीकांड, टीचर की हत्या; आरोपी ने खुद को भी मारी गोली

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई।एक दिन पहले जिस घर में शादी की रस्में और खुशियां थीं, वहीं सुबह दो शव मिलने से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की हर कड़ी को जोड़कर नवविवाहित दंपती की मौत की असली वजह पता लगाने में जुटी है।