उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक शख्स ने अपनी पत्नी और उसके दोस्त को गोली मार दी। दोनों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। घटना फिरोजाबाद के कोटला चुंगी चौराहे की है। फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से खाली खोखे और रिवॉल्वर समेत अन्य साक्ष्य अपने कब्जे में लिए।
पुलिस के मुताबिक उत्तर पुलिस थाना क्षेत्र स्थित डीएवी मार्केट में रात करीब 8:30 बजे वारदात को अंजाम दिया गया। 32 वर्षीय शिप्रा अपने साथी जितेंद्र ठाकुर उर्फ सनी की दुकान में बैठी थी। तभी शिप्रा का पति ऋषभ तैलंग (35) मौके पर पहुंचा। सनी के साथ अपनी पत्नी को देख वह भड़क उठा। उसने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से तुरंत दोनों पर चार से पांच राउंड फायरिंग कर दी।
यह भी पढ़ें: सायेरेत मटकल: दुश्मन को घर में घुसकर मारने वाली इजरायल की सीक्रेट यूनिट
सनी को लगी तीन गोलियां
फायरिंग की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सनी को सीने में दो और पसलियों में एक गोली लगी है। शिप्रा के भी पेट, कंधे और बाईं पसलियों में गोली लगी है। दोनों को गंभीर हालत में फिरोजाबाद से आगरा रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि कथित प्रेम संबंध की वजह से घटना को अंजाम दिया गया है।
पति से अलग रह रही थी पत्नी
जितेंद्र ठाकुर उर्फ सनी श्रीराम कॉलानी का रहने वाला है और शिवा इंटरनेट सर्विस का संचालक है। वहीं ऋषभ तैलंग पीके इंटर कॉलेज का संचालक है। पुलिस ने आरोपी पति ऋषभ तैलंग को मौके पर से ही रिवॉल्वर समेत गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक शिप्रा आरोपी से अलग रह रही थी। दोनों के बीच तलाक का केस चल रहा है। मंगलवार की रात उसे पत्नी और सनी के साथ होने की जानकारी मिली। आरोपी सनी की दुकान पहुंचा और दोनों पर फायरिंग कर दी। भारी बाजार फायरिंग से लोगों में भगदड़ मच गई।
पति का आरोप है कि पत्नी शिप्रा का सनी के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा है। हालांकि महिला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। उसमें वह कह रही है कि मेरा कोई प्रेम-प्रसंग नहीं है।
यह भी पढ़ें: क्या जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए CJP को मिल गई परमिशन? सौरभ दास ने खुद बताया
क्या बोले अधिकारी?
सिटी एसपी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि महिला के पति ने दुकान के भीतर गोली चलाई है। दोनों घायलों का इलाज चल रहा है। मौके से साक्ष्य, कारतूस और रिवॉल्वर बरामद कर लिया गया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की है। आगे की छानबीन जारी है।
