हैदराबाद में कर्ज चुकाने के बाद भी 5 लाख रुपये और मांगे जाने से परेशान एक 43 साल के शख्स ने जलपल्ली झील में कूदकर जान दे दी। मरने से पहले उसने अपने मोबाइल से एक वीडियो बनाया था। इसमें उसने जाकिर नाम के एक प्राइवेट फाइनेंसर पर परेशान करने का आरोप लगाया। परिवार के मुताबिक, शख्स ने पहले ही अपना कर्ज चुका दिया था लेकिन इसके बाद भी उससे 5 लाख रुपये और मांगे जा रहे थे। पुलिस अब वीडियो और पूरे मामले की जांच कर रही है।

 

मामला हैदराबाद के मिसरीगंज इलाके का है। यहां रहने वाले मोहम्मद राशिद रजवी 31 अगस्त को लापता हो गए थे। परिवार ने शाहअलीबंडा थाने मे उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसी दौरान राशिद का बनाया हुआ वीडियो सामने आया जिसमें उन्होंने फाइनेंसर पर पैसे के लिए परेशान करने का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने जलपल्ली झील में उनकी तलाश शुरू की।

 

यह भी पढ़ें: बिहार में गंगा उफान पर, खतरे के निशान से 1.65 मीटर ऊपर पहुंचा पानी

झील में कूदने से पहले बनाया वीडियो

परिवार के मुताबिक, राशिद ने वीडियो में जाकिर नाम के फाइनेंसर का जिक्र किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पुराना कर्ज चुकाने के बाद भी उनसे 5 लाख रुपये और मांगे जा रहे थे। परिवार का कहना है कि लगातार पैसे के लिए दबाव बनाए जाने से राशिद काफी परेशान थे। इसके बाद उन्होंने जलपल्ली झील में छलांग लगा दी।

 

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने NDRF की मदद से झील में उनकी तलाश शुरू की। रात होने की वजह से उस समय उनका शव नहीं मिल सका। करीब तीन दिन बाद 3 सितंबर को राशिद का शव जलपल्ली झील से बरामद हुआ। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए उस्मानिया जनरल अस्पताल की मोर्चरी भेजा गया।

 

यह भी पढ़ें: बेंगलुरु की जेल में वार्डन पर हमला, 5 कैदियों ने की गला घोंटने की कोशिश

पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच

पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त को राशिद के लापता होने की शिकायत शाहअलीबंडा थाने में दर्ज हुई थी। बाद में जलपल्ली झील से शव मिलने के बाद BNSS की धारा 194 के तहत संदिग्ध मौत का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है।

 

राशिद के परिवार ने पुलिस से मामले की गहराई से जांच करने की मांग की है। परिवार का कहना है कि राशिद के वीडियो में लगाए गए आरोपों को भी जांच का हिस्सा बनाया जाए। इसके साथ ही परिवार ने राशिद के बैंक लेन-देन, कॉल रिकॉर्ड और फाइनेंसर के साथ हुई बातचीत की जांच करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस वीडियो समेत मामले से जुड़े दूसरे सबूतों की जांच कर रही है।