बिहार के वैशाली में 11 से 13 दिसंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन होगा। इस सम्मेलन की तैयारियों की मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने समीक्षा की थी। मुख्यमंत्री ने वैशाली जिला स्थित बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने 11 से 13 दिसंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने भगवान बुद्ध की पूजा-अर्चना की तथा राज्य की सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने परिसर में बनने वाले मुख्य मंच एवं सम्मेलन से संबंधित अन्य तैयारियों का निरीक्षण किया।

 

बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग तथा बिहार हेरिटेज डेवलपमेंट सोसाइटी के सहयोग से आयोजित होने वाले इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप परिसर स्थित आगंतुक केंद्र में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से सम्मेलन की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने मुख्य कार्यक्रम स्थल, तीन दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा, प्रतिनिधियों के आवासन एवं परिवहन, सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, बहु-एजेंसी कमांड एवं नियंत्रण कक्ष, हेलीपैड, पार्किंग एवं सौंदर्यीकरण सहित अन्य तैयारियों के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी।

 

यह भी पढ़ें: बुर्का पहना, पाकिस्तानी संग भागने का प्लान, ओडिशा में मिली सैनिक की लापता बेटी

 श्रद्धालुओं के लिए पुख्ता इंतजाम 

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन में बौद्ध देशों से आने वाले सभी प्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं के लिए हर प्रकार की सुविधा और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में शामिल होने के लिए जो भी लोग आना चाहते हैं, उनके आगमन को सुगम बनाया जाए। उनके आवासन, भोजन, आवागमन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का समुचित प्रबंध होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बौद्ध देशों से आने वाले प्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं को बिहार के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराने की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए पर्यटन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर बोधगया, राजगीर, केसरिया सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों के भ्रमण की कार्ययोजना तैयार करें।

ई-बस की व्यवस्था का निर्देश

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बौद्ध देशों को सम्मेलन के संबंध में आमंत्रण पत्र भेजने तथा वहां के प्रतिनिधियों एवं समन्वयकों से लगातार संपर्क बनाए रखने के लिए विशेष टीम गठित करने का निर्देश दिया। सम्मेलन में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों के घुमने के लिए ई-बस की व्यवस्था करने को भी कहा गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि श्रद्धालुओं के  आवागमन, भोजन एवं सुरक्षा की व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। 

 

यह भी पढ़ें: काशी तमिल संगमम 5.0 का होगा शुभारंभ, CM योगी आदित्यनाथ करेंगे समारोह का शुभारंभ


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वैशाली के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व को देखते हुए यहां स्थायी हेलीपैड की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिहार के सभी महत्वपूर्ण पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर स्थायी हेलीपैड की व्यवस्था विकसित करने की दिशा में योजना तैयार की जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक और श्रद्धालु इन स्थलों तक सुगमता से पहुंच सकें। मुख्यमंत्री ने परिसर तक पहुंचने वाली सड़कों को दुरुस्त करने तथा विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि सम्मेलन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और जाम की समस्या उत्पन्न न हो। 

वैशाली को मिलेगा वैश्विक पहचान


11 दिसंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का प्रस्तावित कार्यक्रम भी वैशाली में होगा। इससे वैशाली का महत्व और बढ़ गया है। माना जा रहा है कि इस सम्मेलन से वैशाली को वैश्विक पहचान मिलेगी। बौद्ध देशों के प्रतिनिधि जब बिहार आएंगे, तो वे यहां की संस्कृति, इतिहास और आतिथ्य को देखकर प्रभावित होंगे। इससे बिहार में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। इस अवसर पर कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार, विधायक सिद्धार्थ पटेल, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरीय अधिकारी उपस्थित थे।