बिहार के जहानाबाद में कथित देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर के होटलों में देह व्यापार संचालित होने की सूचना पर पुलिस ने सात होटलों में एक साथ छापेमारी की। इस दौरान कुल 25 लोगों को हिरासत में लिया गया है। छापेमारी का निर्देश पुलिस अधीक्षक एसपी कोटा किरण कुमार ने दिया था। उनके निर्देश पर डीएसपी अनिकेत दुबे के नेतृत्व में कई टीमों का गठन किया गया। सभी टीमों ने एक साथ अलग-अलग होटलों में छापेमारी की। हिरासत में लिए गए सभी लोगों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।


शहर के कई होटलों में देह व्यापार संचालित होने की सूचना पुलिस को लंबे समय से मिल रही थी। अचानक हुई इस कार्रवाई से होटल संचालकों में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने सबसे पहले मुरलीधर रेस्ट हाउस में छापेमारी की। यहां से एक जोड़े को हिरासत में लिया गया। इसके बाद मातारा होटल में कार्रवाई के दौरान छह जोड़े मिले। वहीं, शांति होटल और राजा राम होटल से एक-एक जोड़े को हिरासत में लिया गया। प्लस इन होटल में भी एक जोड़े को पकड़ा गया। इसके अलावा नीलकमल होटल सहित शहर के अन्य होटलों में भी पुलिस ने जांच अभियान चलाया।

बिना एंट्री और आईडी के दिए गए कमरे

छापेमारी अभियान में नगर थानाध्यक्ष आलोक कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने होटलों के रजिस्टर भी खंगाले। जांच के दौरान कई होटलों के रजिस्टर में कमरों में ठहरने वाले लोगों की एंट्री नहीं मिली। कई जगहों पर बिना पहचान पत्र के ही लोगों को कमरे दिए गए थे। पुलिस ने होटल संचालकों से भी पूछताछ की। उनसे पूछा गया कि बिना पहचान पत्र के लोगों को कमरे क्यों दिए गए।

 

यह भी पढ़ें: 'मर्यादा का सवाल ', ट्रेन हादसे के 6 दिन बाद स्पेन के परिवहन मंत्री का इस्तीफा

 

हिरासत में लिए गए सभी 25 लोगों को नगर थाना लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये लोग कहां से आए थे और होटलों में क्यों ठहरे थे। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इनके पीछे कोई संगठित गिरोह तो काम नहीं कर रहा है।


डीएसपी अनिकेत दुबे ने कहा, 'पूछताछ के बाद ही स्पष्ट होगा कि मामला देह व्यापार का है या कुछ और। यदि देह व्यापार का मामला सामने आता है तो संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया जाएगा।'

 

यह भी पढ़ें: आम दिनों में दिल्ली से मुंबई का किराया पटना से महंगा, दिवाली पर बदलती है तस्वीर

'आगे भी जारी रहेगा अभियान'

इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य होटल संचालकों में भी हड़कंप मच गया है। कई होटलों ने अपने रजिस्टर दुरुस्त करने शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि कोई होटल बिना पहचान पत्र के कमरा देता है या किसी गलत गतिविधि में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

एसपी कोटा किरण कुमार ने कहा कि शहर में किसी भी तरह का अवैध धंधा नहीं चलने दिया जाएगा। होटलों में नियमित रूप से जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।