महाराष्ट्र के गोंडिया जिले के बोंडरानी जंगल में एक वर्षा नाम की लड़की का शव मिला है। मृतक वर्षा पुणे एयरपोर्ट पर इंडिगो के टिकट काउंटर पर काम करती थी और वह दिवाली के छुट्टियों में घर आई थी। पुलिस इस मामले में घटना के समय मौजूद उसके दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस इस मामले की जांच हत्या के ऐंगल से कर रही है। वर्षा शादीशुदा है और उनकी एक ढाई साल की बेटी है। वह मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले की रहने वाली थी। वर्षा की शादी साल 2024 में हुई थी और उनके पति फिलहाल इंदौर में रहते हैं।
यह भी पढ़ें: राजस्थान रेलवे ब्लास्ट: पाकिस्तान एजेंट के संपर्क में थी महिला, 3 बार रची साजिश
क्या है पूरा घटनाक्रम?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 14 नवंबर को शाम करीब 4 बजे वर्षा अपने दोस्त नितेश अग्रवाल के साथ वैनगंगा नदी के किनारे घूमने निकली थीं। कुछ ही घंटे बाद नितेश ने वर्षा के घरवालों को फोन कर घटना के बारे में बताया। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की सीमा के पास स्थित गोंडिया जिले के बोंडरानी जंगल पहुंचे। वहां वर्षा उन्हें खून से लथपथ हालत में पड़ी मिलीं। उन्हें आनन-फानन में नजदीकी कम्यूनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) ले जाया गया। वहां शाम करीब 7 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दोस्त के बयान पर पुलिस को क्यों हुआ शक?
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि वर्षा पर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया था। वहीं, घटना के समय साथ मौजूद रहे दोस्त नितेश अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि कुछ अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने उन दोनों पर हमला कर लूटपाट की है। हालांकि, पुलिस को नितेश की कहानी पर शक हो रहा है। पुलिस का कहना है कि नितेश ने हिंसक हमले और लूटपाट का दावा किया है लेकिन इस हमले में उसे खुद कोई चोट नहीं आई है। इसके अलावा, पुलिस को पूछताछ के दौरान नितेश के बयानों में कई विरोधाभास मिले हैं। इसके बाद शक के आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें: '209 प्रत्याशियों की कोई सूची ऊपर नहीं भेजी', यूपी BJP ने खबरों को बताया फर्जी
पुलिस की जांच जारी
इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा है। मीडिया से बातचीत में वर्षा के पिता ने बताया कि वर्षा उनकी सबसे बड़ी बेटी थीं। उन्हें इस घटना के बारे में वारदात होने के बाद पता चला। फिलहाल पुलिस इस मामले में रिश्तेदारों से भी जानकारी जुटा रही है और हर एंगल से जांच कर रही है। जांच अधिकारियों का कहना है कि मौत की असल वजह, लूटपाट की बात और हमलावरों की पहचान पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और जांच आगे बढ़ने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
