झारखंड में मंगलवार को बारिश के दौरान आकाशीय बिजली ने भारी तबाही माचाई। गिरिडीह, दुमका और लातेहार जिलों में अलग-अलग घटनाओं में बिजली गिरने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। इस दर्दनाक घयना के बाद प्रभावित इलाकों में शोक का माहौल है।

 

पुलिस के मुताबिक, सबसे ज्यादा नौ लोगों की मौत गिरिडीह जिले में हुई है। इसके अलावा दुमका में तीन और लातेहार में दो लोगों ने जान गंवाई। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले जगहों पर जाने से बचने की अपील की है।

 

यह भी पढ़ें: 'सरकार के दरवाजे सबके लिए खुले', छात्र आंदोलन पर बोले CM सोरेन

युवा लोगों पर गिरी बिजली

खोरीमहुआ अनुमंडल के उप-संभागीय पुलिस पदाधिकारी (SDPO) अमरेंद्र कुमार ने पीटीआई को बताया, 'गिरिडीह जिले में मेरे उप-संभाग के तहत आने वाले तीन थानों के इलाकों में बिजली गिरने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।' उन्होंने बताया कि इनमें से पांच लोगों की मौत और तीन लोगों के घायल होने की घटना केवल देवरी थाना क्षेत्र में हुई।

 

अधिकारी ने बताया कि ये लोग खेलने के बाद एक जगह पर बैठे हुए थे कि तभी यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि इस घटना में मरे चार युवकों की उम्र 18 से 20 वर्ष के बीच थी। अधिकारी के मुताबकि, गवां, नौडीह और बगोदर थाना क्षेत्रों में भी एक-एक व्यक्ति की जान गई।

 

यह भी पढ़ें: बस स्टैंड टेंडर विवाद: तेज प्रताप को हराने वाले RJD नेता मुकेश रौशन पर केस दर्ज

दुमका और लातेहार में भी गई कई जानें

दुमका जिले के रामगढ़ प्रखंड में अलग-अलग जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि एक बच्चे समेत चार लोग घायल हो गए। वहीं, लातेहार जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्रशासन ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।