जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने केंद्र सरकार और बिहार सरकार से अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि सार्वजनिक जगहों पर भारी भीड़ उन्हें चारों तरफ से घेर लेती है। राज्य सरकार ने उन्हें अभी सिर्फ एक सुरक्षाकर्मी दिया है।

तेज प्रताप यादव के मुताबिक रियलिटी शो 'Rise and Fall 2' में काम करने के बाद उनकी लोकप्रियता काफी बढ़ गई है। अब वे जहां भी जाते हैं, बड़ी संख्या में लोग मिलने और तस्वीरें खिंचवाने के लिए जमा हो जाते हैं। उन्होंने इसे अपनी और अपने सुरक्षाकर्मी, दोनों की सुरक्षा के लिए खतरा बताया है।

यह भी पढ़ें: तेज प्रताप यादव और करण पटेल हुए 'राइज एंड फॉल 2' से बाहर, जानिए वजह

'हथियार छीनने की आशंका है, कब सुनेगी सरकार'

तेज प्रताप यादव ने कहा कि भीड़ उनके साथ तैनात सुरक्षाकर्मी को भी घेर सकती है। उनके मुताबिक ऐसे में सुरक्षाकर्मी के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। यहां तक कि उसका सरकारी हथियार छीने जाने जैसी गंभीर घटना भी हो सकती है।

उन्होंने बताया कि वह इस बारे में केंद्र और बिहार सरकार को कई बार मौखिक रूप से बता चुके हैं। पत्र लिखकर भी उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर अनुरोध किया था। उनका कहना है कि अब तक उनकी सुरक्षा व्यवस्था में कोई जरूरी बढ़ोतरी नहीं की गई है।

तेज प्रताप यादव, अध्यक्ष, जेजेडी:-
रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल 2' में काम करके लौटने के बाद से मेरी लोकप्रियता में काफी वृद्धि हुई है। आज मैं जहां भी जाता हूं, वहां बड़ी संख्या में लोग मुझसे मिलने और मेरे साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए एकत्रित हो जाते हैं। कई बार भारी भीड़ मुझे चारों तरफ से घेर लेती है, जिससे मेरी व्यक्तिगत सुरक्षा के साथ-साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका भी बनी रहती है।

अनहोनी का इंतजार कर रही है बिहार रसरकार?

तेज प्रताप यादव ने सरकार से सवाल किया है कि भविष्य में उनके या उनके सुरक्षाकर्मी के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा, उन्होंने यह भी पूछा कि क्या सरकार किसी अनहोनी का इंतजार कर रही है।

 

 

उन्होंने मांग की है कि उनकी बढ़ी लोकप्रियता, सार्वजनिक कार्यक्रमों में जुटने वाली भारी भीड़ और सुरक्षा से जुड़े हालात को देखते हुए मामले पर तुरंत ध्यान दिया जाए। उनके मुताबिक उन्हें पर्याप्त सुरक्षा मिलनी चाहिए, जिससे किसी भी संभावित अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

तेज प्रताप यादव ने साफ किया कि वह किसी खास सुविधा की मांग नहीं कर रहे हैं। उनका कहना है कि वह अपनी और अपने सुरक्षाकर्मी की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम चाहते हैं। उन्होंने सरकार से इस विषय पर तुरंत गंभीरता से विचार करने को कहा है।

यह भी पढ़ें: संजय सिंह और तेज प्रताप यादव में ठन क्यों गई, 50 करोड़ का मानहानि नोटिस क्यों?

राइज एंड फॉल क्या है?

राइज एंड फॉल शो अमेजन पर स्ट्रीम हो रहा है। यह दूसरा सीजन है, जिसके होस्ट वीरेंद्र सहवाग इसके होस्ट हैं। पिछले सीजन में अशनीर ग्रोवर ने इसे होस्ट किया था। यह एक रिएलिटी शो है। इस सीजन में मनीष कश्यप, शहजाद पूनावाला और स्वरा भास्कर जैसी हस्तियों को मौका मिला है।