उत्तर प्रदेश के कानपुर में कुछ दिन पहले दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या हुई थी। हत्या का मुख्य आरोपी विनीत का बेटा सुब्रत है, जिसने जुर्म कबूल किया और हत्या करने की वजह बताई। आरोपी सुब्रत ने बताया कि उसके पिता खुद की अय्याशी में लाखों रुपये खर्च करते थे, जबकि उन्हें रुपये नहीं देते थे। पिता की अय्याशी की वजह से उसे समाज में शर्मिंदगी महसूस होती थी। इसी वजह से आरोपी सुब्रत ने अपने पिता की हत्या की सुपारी दे दी। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।
कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या 5 सितंबर को हुई थी। केशवपुरम के रतन ऑर्बिट फ्लैट नंबर सी104 में विनीत रहते थे, जहां उनकी हत्या की गई थी। इस मामले की जांच-पड़ताल के दौरान पुलिस ने मृतक विनीत की बहू शालू और पूर्व नौकर विशाल को गिरफ्तार किया था। जब पुलिस को विनीत के बेटे पर शक हुआ तो उससे पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, सुब्रत ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु के हॉस्टलों में मिलेगा बीफ? छात्रों की मांग पर मचा बवाल
बेटे ने दी पिता की हत्या की सुपारी
पुलिस अधिकारी रघुबीर लाल के अनुसार, सुब्रत ने बताया कि उसने नौकर को सुपारी दी थी कि उसके पिता को जान से मार दिया जाए। इसके साथ ही, सुब्रत की इस साजिश में उसकी पत्नी शामिल थी लेकिन वह पूरी तरह से बेगुनाह है। पुलिस के सामने सुब्रत ने बताया कि उसके पिता के कई महिलाओं के साथ संबंध था। साथ ही दावा किया पिता महिलाओं पर लाखों रुपये खर्च करते थे। पिता की हरकतों से सुब्रत की मां भी परेशान थी। इसी वजह से वह गाजियाबाद में रहती है।
इसी कारण सुब्रत को शक था कि उसके पिता किसी महिला से शादी कर लेंगे और संपत्ति उस महिला के नाम कर देंगे। इसके साथ ही, सुब्रत ने बताया कि विनीत उसे सिर्फ 40 हजार रुपये देते थे। सुब्रत जब कर्ज में डूब गया तो उसने कर्ज की किस्तें भरने के लिए दुकान से सात-आठ हजार रुपये की चोरी की थी। इसी वजह से सुब्रत ने अपने पिता की हत्या करवाने की सुपारी दी थी।
यह भी पढ़ें: दिल्ली रेप केस के बाद बढ़ी दहशत, लेडी श्रीराम कॉलेज ने बंद कर दी ऑफलाइन क्लास
कब रची हत्या की साजिश?
पुलिस को आरोपी सुब्रत ने बताया कि उसने तीन महीने पहले हत्या की साजिश रची थी। जब हत्या की सुपारी लेने वाले आरोपी विशाल ने एक्सीडेंट के जरिए हत्या करने के बारे में कहा तो सुब्रत ने ऐसा करने से मना कर दिया। इसके बाद घर में ही हत्या की साजिश रची गई। इस साजिश में आरोपी सुब्रत के साथ-साथ विशाल और राजकिशोर शामिल था। सुब्रत राजकिशोर को पहले से नहीं जानता था।
आरोपी सुब्रत ने कथित तौर पर बताया कि घर के पड़ोस में सीसीटीवी लगा हुआ था, इसलिए उसे पहले काटा गया। इसके बाद विशाल फ्लैट में गया, जहां सुब्रत के पिता सो रहे थे। उसी वक्त विनीत के मुंह पर तकिया दबाया गया और उनकी जान ले ली गई। पुलिस फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।
