रूस की राजधानी मॉस्को में कानपुर के रहने वाले एक इंजीनियर को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने का मामला सामने आया है। इंजीनियर की पत्नी स्नेहा चंदन गुप्ता ने दावा किया है कि उनके पति चंदन गुप्ता को मॉस्को पुलिस रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे पकड़कर ले गई। इसके बाद से परिवार परेशान है। स्नेहा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले में हस्तक्षेप कर पति को सुरक्षित भारत वापस लाने की गुहार लगाई है।
स्नेहा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर बताया कि वह इस समय मॉस्को में अपने 10 साल के बेटे के साथ हैं। उन्हें रूसी भाषा नहीं आती, इसलिए वह यह भी ठीक से नहीं समक्ष पा रही हैं कि उनके पति को किस वजह से हिरासत में लिया गया है। उन्होंने सरकार से जल्द मदद की अपील की है।
यह भी पढ़ें: पूर्णिया में 4 करोड़ की स्मैक के साथ 6 गिरफ्तार, महिलाओं की आड़ में की तस्करी
नोएडा की कंपनी में काम करते हैं चंदन
स्नेहा के मुताबिक, वह और उनके पति कानपुर के रहने वाले हैं। चंदन पेशे से इंजीनियर हैं और नोएडा के सेक्टर 62 स्तिथ एक कंपनी से जुड़े हुए हैं। कंपनी के काम से वह वर्क वीजा पर रूस गए थे। पत्नी का दावा है कि चंदन ने कोई गलत काम नहीं किया फिर भी पुलिस उन्हें पकड़कर ले गई। स्नेहा ने बताया कि पति की गिरफ्तारी के बाद वह खुद और उनका 10 साल का बेटा मॉस्को में फंस गए हैं। उन्होंने भारतीय और उत्तर प्रदेश सरकार से मामले में तुरंत संज्ञान लेने की मांग की है।
स्नेहा ने आरोप लगाया कि हिरासत में लिए जाने के बाद चंदन पर रूसी सेना में शामिल होने का दबाव बनाया जा रहा है। उनका दावा है कि रूस में सैन्यकार्मियों की कमी के चलते विदेशी नागरिकों, खासकर भारतीयों को सेना में शामिल करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मॉस्को डे के आसपास उनके पति को परेशान किया गया था।
यह भी पढ़ें: पटना में मरीन ड्राइव के पास बनेगा रामलीला मैदान, गांधी मैदान से होगा शिफ्ट
CM योगी से मदद की अपील
स्नेहा ने भावुक होकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पति की सुरक्षित वापसी के लिए मदद मांगी है। उन्होंने लोगों से भी वीडियो शेयर करने की अपील की है ताकि मामला अधिकारियों तक पहुंच सके। फिलहाल चंदन को हिरासत में लिए जाने की वजह, उनकी मौजूदा स्थिति और रूसी सेना में भर्ती को लेकर लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
