हरियाणा के गुरुग्राम में एक कारगिल युद्ध के रिटायर ऑफिसर के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि रिटायर ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता पर पार्किंग अटेंडेंट ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित पूर्व एयरफोर्स अधिकारी ने पुलिस पर समय पर मदद न करने का आरोप लगाया है। साथ ही यह भी कहा है कि अस्पताल प्रशासन ने फर्जी रिपोर्ट तैयार की है जिसमें गलत जानकारी दी है।
यह भी पढ़ें: मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, 1 महिला लापता, 4 लोगों की मौत
भारतीय वायुसेना के 'ऑपरेशन सफेद सागर' (1999) का हिस्सा रहे रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता गुरुवार रात यानी 10 सितंबर को अपने परिवार के साथ डिनर के लिए गुरुग्राम के मैग्नम ग्लोबल पार्क स्थित गोंजो रेस्तरां गए थे। रात करीब 8 बजे परिवार को उतारने के बाद जब वह गाड़ी पार्क करने गए तो पार्किंग स्टाफ उन्हें अलग-अलग जगहों जैसे वैलेट, बेसमेंट और मल्टीलेवल पार्किंग पर घुमाता रहा और अंत में गाड़ी पार्क करने से साफ मना कर दिया।
जब वह अपनी कार बैक करने लगे, तब एक पार्किंग अटेंडेंट ने उनकी कार के शीशे पर हमला कर दिया। विरोध करने पर अटेंडेंट लोहे की रॉड ले आया और सीधे उनके सिर और हाथ पर हमला कर दिया। इस हमले के बाद वह खून से लथपथ हो गए। आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
यह भी पढ़ें: वैशाली: BJYM नेता के घर पर फायरिंग, बाइक सवार बदमाशों ने चलाईं 10 राउंड गोलियां
पुलिस और अस्पताल पर गंभीर आरोप
घटना के दौरान वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अन्य पार्किंग कर्मचारियों ने कोई मदद नहीं की। अमित कुमार के अनुसार, उन्होंने तुरंत पुलिस हेल्पलाइन पर फोन किया लेकिन आधे घंटे तक कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। आखिरकार, रेस्तरां के एक शेफ ने बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई।
इसके बाद उन्हें एम्बुलेंस से मेदांता अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके कोहनी की हड्डी जोड़ने के लिए सर्जरी करनी पड़ी। पीड़ित अधिकारी ने आरोप लगाया है कि अस्पताल ने एक गलत मेडिकल रिपोर्ट तैयार की है जिसमें उनकी ब्लीडिंग और कोहनी की गंभीर चोट का कोई जिक्र नहीं है।
उनका कहना है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद उन्हें पुलिस से कोई मदद नहीं मिल रहा है। उन्होंने पुलिस में लिखित शिकायत देकर आरोपी पर हत्या के प्रयास और गंभीर चोट पहुंचाने की धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
