अमेरिका की एक महिला पर्यटक के साथ कर्नाटक के कोडागु में कथित तौर पर रेप हुआ है। कुट्टा इलाके में एक होमस्टे में पीड़िता ठहरी थी, जब उसके साथ इस वारदात को अंजाम दिया गया। महिला ने बताया कि होमस्टे में उसे पीने की किसी चीज में नशा दिया गया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। बेहोशी में उसके साथ बलात्कार किया गया है। 


पीड़िता को रेप के बाद तीन दिनों तक जबरन होम स्टे में रखा गया। होमस्टे का वाई-फाई बंद रखा गया, जिसकी वजह से वह तुरंत किसी को मदद के लिए नहीं बता पाई। पुलिस ने होमस्टे में काम करने वाले झारखंड के कुक बृजेश कुमार को रेप के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। 

यह भी पढ़ें: 500 रुपये का सट्टा खेला था? कर्नाटक के गृहमंत्री के खिलाफ ही FIR का आदेश

होमस्टे के मालिक पर क्या आरोप लगे?

होमस्टे के मालिक विशाल पोनन्ना को भी अपराध को दबाने की कोशिश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दोनों को 3 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मेडिकल जांच में रेप की पुष्टि हो चुकी है। 

कैसे महिला ने दर्ज कराई शिकायत?

महिला वाशिंगटन की रहने वाली है और वह सोलो ट्रैवलर है। वह कोडागु घूमने आई थी। यह उसका दूसरा विजिट था। उसने 12 अप्रैल को होमस्टे में चेक-इन किया था। घटना 17 अप्रैल को सामने आई, जब महिला ने दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास से संपर्क किया। 

यह भी पढ़ें: मंदिर में जूते पहनकर कर रहे थे प्रि-वेडिंग शूट, मचा बवाल, फोटोग्राफर को पीटा

रेप के बाद भी महिला ने नहीं दर्ज कराई शिकायत

भारतीय सरकार और कर्नाटक सरकार को दूतावास के स्तर पर सूचना दी गई और 19 अप्रैल को केस दर्ज किया गया। महिला 17 अप्रैल तक होमस्टे में रुकी रही और फिर मैसूर चली गई, जहां उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि वह तुरंत रिपोर्ट दर्ज कराना नहीं करना चाहती थी, इसलिए कोडागु छोड़ने के बाद ही पुलिस के पास गई।

कर्नाटक सरकार ने क्या कहा है?

कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि केंद्र सरकार से सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि होमस्टे के लाइसेंस और नियमों की जांच की जाएगी। अगर कोई गड़बड़ी पाई गई तो कानूनी कार्रवाई होगी।

यह भी पढ़ें: 16 साल से कम उम्र वाले नहीं चला पाएंगे सोशल मीडिया, कर्नाटक सरकार का एलान

अब क्या तलाश रही है पुलिस?

कोडागु के मंत्री एनएस बोसेराजू ने पुलिस को पूरी जांच करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस फॉरेंसिक जांच और डिजिटल सबूत इकट्ठा कर रही है। होमस्टे प्रबंधन ने कहा कि उन्होंने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी है और फिलहाल बुकिंग बंद कर दी है।

भारतीय  जनता पार्टी के नेता सीटी रवि ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि विदेशी महिला पर हमला बहुत शर्मनाक है। यह 'अतिथि देवो भव' की भावना के खिलाफ है। देश की छवि को खराब करता है। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द न्याय दिलानी की अपील की है।