कर्नाटक पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के दौरान हंगामा देखने को मिला। राज्य के विजयपुर जिले के टीकोटा स्थित शारदाम्बा पीयू कॉलेज परीक्षा केंद्र पर रविवार को जमकर हंगामा हुआ। कई अभ्यर्थियों ने दावा किया कि उन्हें दी गई OMR उत्तर पुस्तिका का नंबर प्रश्न पत्र के नंबर से मेल नहीं खा रहा है। इस भ्रम के कारण कुछ अभ्यर्थियों ने परीक्षा का बहिष्कार करते हुए परीक्षा केंद्र से बाहर निकल गए और दोबारा परीक्षा कराने की मांग करने लगे। परीक्षा केंद्र के बाहर हंगामे के बावजूद, अधिकांश अभ्यर्थियों ने अंदर अपनी परीक्षा सफलतापूर्वक पूरी की, जबकि जिला प्रशासन ने परीक्षा की SOP को सख्ती से लागू रखा।

 

यह लिखित परीक्षा कर्नाटक एग्जामिनेशन अथॉरिटी (KEA) की ओर से 1,453 सिविल पुलिस कांस्टेबल पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की गई थी। विजयपुर जिले में इसके लिए 61 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें टीकोटा का शारदाम्बा पीयू कॉलेज भी शामिल था। अधिकारियों के अनुसार, सुबह 9 बजकर 30 मिनट पर शुरू होने वाली परीक्षा के लिए प्रश्न पत्र समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच गए थे और KEA के अनुसार अभ्यर्थियों को बांटे गए। इसके बाद अभ्यर्थियों को OMR शीट दी गई।

 

यह भी पढ़ें: पंजाब विधानसभा का सत्र आज से, इन 5 मुद्दों पर AAP सरकार को घेरेगा विपक्ष

OMR शीट में क्या दिक्कत?

परीक्षा शुरू होने के कुछ देर बाद कई अभ्यर्थियों ने आपत्ति जताई कि उनकी OMR शीट पर छपा नंबर प्रश्न पत्र पर दिए गए नंबर से अलग है। कुछ छात्रों को लगा कि इससे उनकी उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन प्रभावित हो सकता है। इसी आशंका के चलते कई अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी और केंद्र के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ अभ्यर्थियों ने सरकार और परीक्षा प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी भी की। 

जमकर हुआ बवाल

प्रदर्शन के दौरान कुछ अभ्यर्थियों ने दोबारा परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने की कोशिश की। हालांकि, परीक्षा नियमों के अनुसार एक बार केंद्र छोड़ने के बाद दोबारा प्रवेश की अनुमति नहीं होने के कारण उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने हस्तक्षेप किया और भीड़ को कंट्रोल किया। अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए न्यूनतम बल का प्रयोग किया गया। इस घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए जिसमें पुलिस और प्रदर्शनकारी छात्र आमने सामने नजर आ रहे हैं।  

समझाने पर भी नहीं माने अभ्यर्थी

इस मामले की सूचना मिलने के बाद जिले के आला अफसर मौके पर परीक्षा केंद्र पहुंचे। जिला उपायुक्त डॉक्टर आनंद ने एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान बताया बताया कि कुछ अभ्यर्थी यह कहते हुए परीक्षा केंद्र से बाहर निकल आए कि नंबर मेल नहीं खा रहे हैं। हालांकि, केंद्र पर्यवेक्षकों ने तुरंत स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। उन्होंने समझाया कि कर्नाटक परीक्षा प्राधिकरण (KEA) के दिशानिर्देशों के तहत, OMR शीट और प्रश्न पत्र पर नंबरों का एक समान होना जरूरी नहीं है। इसके बजाय, प्रश्न पत्रों पर अलग-अलग कोड होते हैं, जिन्हें अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड के रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ अपनी OMR शीट में भरना होता है।

 

यह भी पढ़ें: LIVE: 3 राज्यों में उपचुनाव के नतीजे आज, कौन जीतेगा बाजी?

KEA के अधिकारियों ने क्या बताया?

KEA के कार्यकारी निदेशक ने भी पूरे मामले पर स्पष्टीकरण जारी किया है। उन्होंने कहा कि आधिकारिक अधिसूचना, परीक्षा से पहले दिए गए किसी भी निर्देश में कहीं भी यह नहीं लिखा गया है कि OMR शीट का नंबर और प्रश्न पत्र का नंबर समान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैली गलत जानकारी के कारण कुछ अभ्यर्थियों में भ्रम की स्थिति पैदा हुई। जिला प्रशासन के अनुसार, टीकोटा केंद्र के अलावा कुछ अन्य परीक्षा केंद्रों पर भी इसी तरह का भ्रम देखने को मिला, लेकिन वहां अधिकारियों के स्थिति स्पष्ट करने के बाद अधिकांश अभ्यर्थियों ने परीक्षा पूरी की। टीकोटा केंद्र पर भी जो अभ्यर्थी परीक्षा हॉल में बने रहे, उन्हें हुई देरी की भरपाई के लिए अतिरिक्त समय दिया गया, जिसके बाद उन्होंने परीक्षा पूरी कर अपनी OMR शीट नियमानुसार जमा कर दी। 

दोबारा परीक्षा की मांग

प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों ने प्रभावित परीक्षा केंद्र पर परीक्षा रद्द कर दोबारा आयोजित करने की मांग की है। दूसरी ओर, KEA ने पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट तलब कर ली है और कहा है कि मामले की समीक्षा की जाएगी। हालांकि, परीक्षा प्रक्रिया को लेकर जारी SOP में किसी तरह की गलती से इनकार किया जा रहा है।