केरल में नई सरकार के गठन के बाद मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा आधिकारिक रूप से कर दिया गया है। मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने मंत्रियों के विभागों की सूची राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को भेजी थी, जिसे राज्यपाल ने मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही अब सभी मंत्रियों की जिम्मेदारियां तय हो गई हैं और वे अपने-अपने विभागों का कार्यभार संभालेंगे। मुख्यमंत्री ने अपने लिए 35 मंत्रालय रखे हैं जिसमें वित्त विभाह शामिल है। वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला को केरल का गृह मंत्री बनाया गया है।

 

सभी मंत्रियों ने 18 मई को शपथ ली थी, जिसके बाद विभागों का बंटवारा फाइनल कर दिया गया। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, CM सतीशन ने अपने पास वित्त, कानून, सामान्य प्रशासन और बंदरगाह जैसे अहम विभाग रखे हैं। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्नीथला को गृह, विजिलेंस सहित तीन अन्य विभाग दिए गए हैं। उन्हें राज्य की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 

यह भी पढ़ें: केरल की सतीशन सरकार ने सिल्वर लाइन प्रोजेक्ट को रद्द क्यों कर दिया?

सनी जोसेफ को मिला बिजली विभाग

मंत्रिमंडल के अन्य प्रमुख सहयोगियों को भी बड़ी जिम्मेदारियां दी गई हैं। इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के प्रमुख नेता पीके कुन्हालीकुट्टी को उद्योग, वाणिज्य, सूचना प्रौद्योगिकी (IT), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), स्टार्टअप, खनन और हथकरघा एवं कपड़ा उद्योग जैसे आधुनिक और तकनीकी विभाग सौंपे गए हैं। वहीं, केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) के अध्यक्ष सनी जोसेफ को बिजली, पर्यावरण और संसदीय कार्य मंत्रालय का प्रभार मिला है। इसके अलावा, वरिष्ठ नेता के मुरलीधरन स्वास्थ्य, देवस्वम, खाद्य सुरक्षा और चिकित्सा शिक्षा समेत 7 विभागों के प्रमुख होंगे।

 

यह भी पढ़ें: '3 साल से कोई काम नहीं हुआ', गुस्साई BJP पार्षद ने अपना सिर मुंडवा लिया

 

रोजी एम जॉन को उच्च शिक्षा और एन शमसुद्दीन को सामान्य शिक्षा मंत्री बनाया गया है, जबकि एपी अनिल कुमार को भूमि और राजस्व विभाग मिला है। सहयोगी दलों में RSP विधायक शिबू बेबी जॉन को वन, वन्यजीव संरक्षण और कौशल विकास मंत्रालय सौंपा गया है। वहीं, केरल कांग्रेस (जोसेफ) के विधायक मोन जोसेफ को सिंचाई, भूजल, जल आपूर्ति, स्वच्छता और आवास विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राज्यपाल की हरी झंडी के बाद सभी मंत्रियों ने अपने-अपने विभागों का कामकाज संभाल लिया है।