केरल में तिरुवनंतपुरम जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मां ने ही अपनी डेढ़ साल की बेटी की गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपी मां ने कथित तौर पर खुद को और बच्ची को एक बेडरूम में बंद कर लिया और फिर चाकू से बच्ची का गला रेतकर उसे मार डाला। आरोपी की मां ने खुद रिश्तेदार को बताया कि उसने बच्चे को मार दिया है।
घटना गुरुवार दोपहर 3.30 से 4.30 बजे के बीच विलावूर्कल गांव के एक घर में हुई। मृत बच्ची की पहचान इवाना के तौर पर हुई है, आरोपी मां का नाम क्रिस्टी बताया जा रहा है। गंभीर अवस्था में बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसे डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: BRICS समिट: 15000 पुलिसकर्मी, 200 कंपनी पैरामिलिट्री, किले में तब्दील हुई दिल्ली
क्या है पूरा मामला?
गुरुवार दोपहर करीब 3:30 से 4:30 बजे के बीच एक मां ने अपनी डेढ़ साल की बेटी इवाना की कथित तौर पर गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपी मां ने खुद को और बच्ची को घर के एक बेडरूम में बंद कर लिया था और फिर चाकू से बच्ची पर हमला किया। इससे बच्ची के गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। बच्ची पास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, फिर 108 एंबुलेंस से तिरुवनंतपुरम के एसएटी अस्पताल भेजा गया, जहां शाम करीब 5:52 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह घटना तब सामने आई जब एक रिश्तेदार ने देखा कि मां और बच्ची काफी देर से बाहर नहीं दिखीं। उन्होंने दरवाजा खटखटाया तो मां बाहर आई और उसने खुद रिश्तेदार को बताया कि उसने बच्ची की हत्या कर दी है।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं है। हालांकि, शुरुआती रिपोर्ट से पता चलता है कि पारिवारिक दिक्कतों की वजह से यह घटना हुई होगी। पुलिस बच्चे की मौत के हालात और इस कथित घटना के पीछे के मकसद की जांच कर रही है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 103(1) के तहत हत्या का केस दर्ज किया है।
