हिमालय सिर्फ पहाड़ों, नदियों और खूबसूरत वादियों का नाम नहीं है, बल्कि यहां के गांवों, लोकजीवन, परंपराओं, संघर्षों और मानवीय संवेदनाओं में भी एक पूरी दुनिया बसती है। इसी दुनिया को साहित्य के अलग-अलग नजरियों से समझने और महसूस करने का प्रयास कुल्लू के देवसदन में देखने को मिला। यहां आयोजित साहित्यिक कार्यक्रम में दो पुस्तकों के माध्यम से हिमालय के बाहरी परिवेश से लेकर मनुष्य के भीतर की दुनिया तक की यात्रा की गई।

 

हिमतरु प्रकाशन समिति तथा कला संस्कृति भाषा अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पुस्तक लोकार्पण समारोह एवं साहित्यिक संगोष्ठी में लेखक जीसी चम्बयाल की पुस्तक ‘हिमालय के एक गांव से इत्तिफाकन’ और वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक किशन श्रीमान के कहानी संग्रह ‘आसमान गिर रहा है’ का लोकार्पण किया गया। लोकार्पण के बाद दोनों पुस्तकों पर साहित्यकारों, शिक्षाविदों और शोधार्थियों ने अपने विचार रखे। चर्चा में हिमालयी समाज, गांवों का जीवन, प्रकृति, लोकविश्वास और बदलते समय में मानवीय संवेदनाओं जैसे विषय प्रमुखता से उभरे। मंच संचालन वरिष्ठ पत्रकार डॉ. शशिभूषण पुरोहित ने किया। 

 

यह भी पढ़ें: बोर्ड की वेबसाइट पर मिलेंगे प्रश्नपत्र, रिजल्ट सुधारने के लिए BSEH का प्लान

प्रकृति के बहाने मनुष्य की तलाश

हिमतरु प्रकाशन समिति के अध्यक्ष एवं संपादक रमेश पठानिया ने दोनों पुस्तकों की साहित्यिक विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक किशन श्रीमान का कहानी संग्रह ‘आसमान गिर रहा है’ न्यू वर्ल्ड पब्लिकेशन, नई दिल्ली से प्रकाशित हुआ है। इस संग्रह की कहानियों में हिमालयी परिवेश के विभिन्न रूपों को मानवीय संवेदनाओं के साथ जोड़ा गया है।

 

उन्होंने कहा कि इन कहानियों में छोटा-सा पक्षी हो, कोई पुराना पेड़, सूखी बावड़ी, पहाड़ी रास्ता, कोई देवता या फिर भूली-बिसरी लोककथा, ये सभी अंततः मनुष्य की जिंदगी और उसके अनुभवों से जुड़ते हैं। संग्रह की खासियत यह है कि लेखक बाहरी हिमालय की प्रकृति और परिवेश को चित्रित करते हुए पाठक को मनुष्य के भीतर की दुनिया तक ले जाता है। प्रकृति यहां केवल पृष्ठभूमि नहीं, बल्कि जीवन और समाज को समझने का माध्यम बनती है।

जीवन के अनुभवों का दस्तावेज

जीसी चम्बयाल की पुस्तक ‘हिमालय के एक गांव से इत्तिफाकन’ पर चर्चा करते हुए रमेश पठानिया ने बताया कि हिमतरु प्रकाशन से प्रकाशित इस पुस्तक में लेखक ने अपने जीवन की महत्वपूर्ण घटनाओं, अनुभवों और विचारों को आत्मीयता के साथ प्रस्तुत किया है। पुस्तक में व्यक्तिगत अनुभवों के माध्यम से हिमालयी गांव के जीवन और सामाजिक परिवेश को समझने का अवसर मिलता है।

 

उन्होंने कहा कि इस तरह की पुस्तकें केवल लेखक के जीवन तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि अपने समय, समाज और परिवेश को जानने का माध्यम भी बनती हैं। इस दृष्टि से यह पुस्तक शोधार्थियों और विद्यार्थियों के लिए भी उपयोगी सिद्ध हो सकती है।

 

यह भी पढ़ें: 47 दवा कंपनियां बार-बार फेल, उत्पादन पर रोक; हिमाचल की दवा इंडस्ट्री पर सवाल

साहित्यकारों ने रखे विचार

संगोष्ठी में वरिष्ठ लेखक तोबदन, निरंजन देव शर्मा, शिक्षाविद डॉ. राकेश राणा, डॉ. उरसेम लता और शोधार्थी शेर सिंह ने दोनों पुस्तकों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने पुस्तकों की विषयवस्तु, लेखकीय दृष्टिकोण और हिमालयी समाज के संदर्भ में उनकी प्रासंगिकता पर चर्चा की।

 

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसे औपचारिक मंचीय आयोजन तक सीमित रखने के बजाय साहित्यिक संवाद का स्वरूप दिया गया। इसमें लेखकों, शिक्षाविदों, शोधार्थियों और साहित्य प्रेमियों को विचार साझा करने का अवसर मिला।

साहित्य, संस्कृति और रंगमंच से जुड़े लोग जुटे

कार्यक्रम में साहित्यकार भारती कुठियाला, राजू मस्ताना, सूरत ठाकुर, प्रतिमा शर्मा और जय प्रकाश शर्मा सहित कुल्लू तथा प्रदेश के अन्य जिलों से आए साहित्य प्रेमियों ने भाग लिया। इस अवसर पर संस्कृति, पर्यावरण, सामाजिक सरोकारों और रंगमंच से जुड़े लोगों के साथ शिक्षाविद एवं विद्यार्थी भी मौजूद रहे। देवसदन में आयोजित यह आयोजन इस लिहाज से महत्वपूर्ण रहा कि दोनों पुस्तकों ने हिमालयी जीवन को देखने के दो अलग-अलग साहित्यिक नजरिये सामने रखे।

 

यह भी पढ़ें: Whatsapp Web का इस्तेमाल करना है खतरनाक? गृह मंत्रालय ने एडवाइजरी में चेताया

 

एक ओर गांव और जीवन के निजी अनुभवों के जरिए अतीत और सामाजिक परिवेश को समझने की कोशिश है, तो दूसरी ओर प्रकृति, लोकपरंपराओं और मानवीय रिश्तों के माध्यम से वर्तमान समाज की संवेदनाओं को टटोलने का प्रयास है। दोनों कृतियां इस बात की ओर ध्यान खींचती हैं कि हिमालय को समझने के लिए उसकी भौगोलिक सुंदरता के साथ यहां के लोगों की स्मृतियों, संघर्षों और जीवन दर्शन को पढ़ना भी जरूरी है।