राजधानी लखनऊ के तेलीबाग इलाके से रविवार को एक ऐसी घटना सामने आई जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। शादी की जिद और परिवार की असहमति के बीच एक प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। दोनों के शव किराए के मकान में अलग-अलग फंदों से लटके मिले। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन रिश्तेदारी के कारण परिवार इसके लिए तैयार नहीं था। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

मृतकों की पहचान शाहजहांपुर निवासी अनिकेत उर्फ रानु कुमार (21) और नोएडा की अंजलि (18) के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में फुफेरे भाई-बहन थे। जानकारी के मुताबिक दोनों लंबे समय से एक-दूसरे से प्रेम करते थे और शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार ने रिश्तेदारी का हवाला देकर इस रिश्ते को स्वीकार करने से इनकार कर दिया।

 

यह भी पढ़ें:  'वारिस पंजाब दे' नेटवर्क खंगाल रहीं एजेंसियां, पीलीभीत से जत्थेदार गिरफ्तार

घर से भागे, अयोध्या पहुंचे, फिर परिजन वापस ले आए

परिजनों के अनुसार, अनिकेत 23 जुलाई को अहमदाबाद जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वह नोएडा पहुंच गया। वहां से दोनों घर छोड़कर अयोध्या चले गए। परिजनों ने तलाश कर दोनों को अयोध्या से ढूंढ निकाला और वापस लेकर इटावा जा रहे थे।पुलिस के मुताबिक, कानपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन बदलने के दौरान दोनों परिजनों की नजर से बचकर निकल गए और लखनऊ के तेलीबाग स्थित किराए के मकान पर पहुंच गए। देर रात जब परिजन वहां पहुंचे तो मकान की पहली मंजिल के पीछे वाले कमरे में दोनों अलग-अलग कपड़ों के फंदों से पंखे पर लटके मिले।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: वॉशिंग मशीन में खड़ा किया, खूब पीटा, ट्यूशन टीचर की बच्ची से की बर्बरता

रिश्तेदारी बनी सबसे बड़ी बाधा

परिजन ने पुलिस को बताया कि दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं था क्योंकि दोनों रिश्ते में बुआ के बेटे और बेटी थे। इसी बात को लेकर परिवार में लगातार विरोध था। प्रारंभिक जांच में इसी वजह को आत्महत्या का कारण माना जा रहा है। तेलीबाग की यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। दो युवा जिंदगियों का इस तरह खत्म हो जाना परिवारों के लिए गहरा सदमा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आत्महत्या से पहले दोनों ने कोई सुसाइड नोट छोड़ा था या नहीं और क्या घटना से जुड़े अन्य पहलू भी सामने आते हैं।