उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दुबग्गा इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक की उसके ही ससुराल में बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक विष्णु यादव प्रतापगढ़ का रहने वाला था और उसने चार साल पहले लखनऊ के रहने वाले एक वकील की बेटी साक्षी सिंह से लव मैरिज की थी। साक्षी के परिवार वाले इस शादी के सख्त खिलाफ थे और इसी रंजिश के चलते जब विष्णु अपने ससुराल पहुंचा तो वहां उसका खून बहा दिया गया।

 

विष्णु यादव और साक्षी सिंह के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर चार साल पहले शादी कर ली थी। साक्षी के पिता पेशे से वकील हैं और वे इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर पा रहे थे। इस शादी को लेकर दामाद विष्णु और ससुराल पक्ष के बीच अक्सर अनबन और तनाव की स्थिति बनी रहती थी।

 

यह भी पढ़ें: '3 लाख दो वरना बारात नहीं आएगी...', पैसे नहीं मिले तो तोड़ दी शादी

ससुराल पहुंचते ही हुआ खूनी खेल

लखनऊ की इस वारदात में पुलिस ने बताया कि मंगलवार को ससुर तीर्थ नाथ ने दामाद विष्णु यादव को बातचीत करने के बहाने अपने घर बुलाया था। जैसे ही विष्णु ससुराल पहुंचा, वहां मौजूद ससुराल वालों के साथ उसकी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि ससुर तीर्थ नाथ, उसकी पत्नी और सालियों ने मिलकर विष्णु पर हमला कर दिया।

 

इन सबने मिलकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से विष्णु को बुरी तरह पीटा। सिर पर गंभीर चोट लगने की वजह से विष्णु की मौके पर ही मौत हो गई। जब तक शोर-शराबा सुनकर पड़ोसी वहां मदद के लिए पहुंचते, तब तक ससुर और परिवार के बाकी आरोपी वहां से भाग निकले थे।

 

यह भी पढ़ें: बाप को बोरे में भरकर कर दिया कूरियर? रील के चक्कर में महिला को पड़ी गालियां

पुलिस की कार्रवाई 

खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस हत्याकांड में और कौन-कौन शामिल था और क्या यह पहले से रची गई कोई सोची-समझी साजिश थी।