बरुईपुर रेप-मर्डर केस में पश्चिम बंगाल में सियासत भी तेज होने लगी है। बुधवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रभास मंडल को मुठभेड़ में मार गिराया है। लेकिन पुलिस का यह एक्शन तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा को रास नहीं आया।

 

उन्होंने एनकाउंटर पर सवाल उठाया और कहा कि बंगाल में कोई सरकार नहीं है, यह जंगल राज है। उन्होंने आगे कहा कि बंगालियों उत्तर प्रदेश 2.0 का स्वागत करें। हालांकि महुआ मोइत्रा के बयान पर बीजेपी नेता अनिर्बान गांगुली उन्हें मेंटली अनस्टेबल बता दिया। 

महुआ मोइत्रा ने क्या कहा? 

टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने एनकाउंटर के माध्यम से न्याय देने के तरीका पर सवाल उठाया। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, 'बरुईपुर रेप-मर्डर का आरोपी प्रभास मंडल एनकाउंटर में मारा गया! क्या हो रहा है बंगाल पुलिस? बंगालियों कृपया नए बंगाल- उत्तर प्रदेश 2.0 का स्वागत करें। बंगाल में बीजेपी की कोई सरकार नहीं है। यह जंगल राज है।'

महुआ की मानसिक स्थित ठीक नहीं: बीजेपी

महुआ मोइत्रा के बयान पर बीजेपी ने पलटवार किया। बीजेपी नेता अनिर्बान गांगुली ने कहा कि पहले संदेशखली से पार्क स्ट्रीट तक कई घटनाएं हुईं। मगर तब महुआ ने चुप्पी साथ रखी थी। अनिर्बान ने कहा कि मानसिक रूप से अस्थिर हैं।

 

यह भी पढ़ें: किस एजेंडे के साथ इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड दौरे पर गए PM मोदी?

 

अनिर्बान ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, 'महुआ मोइत्रा मेंटली अनस्टेबल हैं। उन्हें (टीएमसी) जो हार मिली, उससे वह सदमे में हैं। मैं उन्हें याद दिला दूं कि उनके राज में पार्क स्ट्रीट से संदेशखली तक ऐसी कई घटनाएं हुईं, जब महुआ मोइत्रा ने चुप्पी साध रखी थी। इन घटनाओं में सत्तारूढ़ टीएमसी के नेता शामिल थे और उनके नेताओं ने घटनाओं को सही ठहराया था। इतना कि उस समय की मुख्यमंत्री ने पीड़िता पर ही इल्जाम लगा दिया था। जंगल राज, इमरजेंसी, फासीवादी पुलिस राज तृणमूल कांग्रेस की पहचान थी। महिलाओं की सुरक्षा पर उनका 15 साल का खराब ट्रैक रिकॉर्ड सबके सामने है।' 

 

 

 

बोरे में मिली थी लड़की की लाश

बरुईपुर में एक 12 वर्षीय नाबालिग लड़की चार जुलाई को लापता हो गई। अगले दिन सूरज्यापुर के पास एक बोरे में उसकी लाश मिली। बच्ची की हत्या से लोगों का गुस्सा भड़क उठा। भीड़ ने एक शख्स को वारदात में शामिल होने के शक में पीट-पीटकर मार डाला। हालांकि वह बेकसूर निकला। सरकार ने तुरंत छह सदस्यी विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। अभी तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। 

 

यह भी पढ़ें: 'सीजफायर खत्म, ये लोग कैंसर की तरह', ईरान पर भड़क गए डोनाल्ड ट्रंप

कैसे मुठभेड़ में मारा गया मुख्य आरोपी?

मंगलवार की रात पुलिस मुख्य आरोपी प्रभास मंडल को सीन रीक्रिएट करने के लिए सूरज्यापुर हाट लेकर गई। इसी दौरान आरोपी ने एक पुलिस कर्मी से बंदूक छीन ली और पुलिस पर एक राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में प्रभास मंडल को गोली लगी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।