पश्चिम बंगाल में कुछ ही दिनों में चुनावों की घोषणा हो चुकी है और हर एक पार्टी चुनाव प्रचार में जुट चुकी है। पश्चिम बंगाल की सत्ता पर काबिज सीएम ममता बनर्जी का एक बयान वायरल हो रहा है। उनके इस बयान को लेकर अब उन पर सवाल उठने लगे हैं। उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा कि अगर तुमने मुझे वोट नहीं दिया तो एक कम्युनिटी को एक सेकेंड नहीं लगेंगे बाकियों को समाप्त करने में। उनके इस बयान की एक क्लिप सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। भारतीय जनता पार्टी के सांसद संबित पात्रा ने ममता बनर्जी पर वार किया और उनके इस बयान की निंदा की।
सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है उसमें ममता बनर्जी कहती हुए सुनाई दे रही हैं, 'क्योंकि मैं सीएम हूं इसलिए तुम सब सुरक्षित हो। अगर तुम मुझे हटाओगे और BJP को वोट दोगे तो याद रखना कि एक कम्युनिटी है जो तुम सबको 1 सेकंड में खत्म कर देगी, इसलिए अगर तुम सुरक्षित रहना चाहते हो तो मुझे वोट देते रहो।'
यह भी पढ़ें: कर्ज में परिवार, उधार लेकर बना लिया सातवीं शादी का प्लान, बेटे ने बुलाई पुलिस
बीजेपी ने उठाए सवाल
BJP सांसद संबित पात्रा ने एक प्रेस कांफ्रेस कर ममता बनर्जी पर उनके इस बयान के लिए जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, 'ममता बनर्जी का जो वीडियो क्लिप हम सोशल मीडिया पर देख रहे हैं, वह बहुत ज्यादा चिंताजनक और निंदनीय है। उनका कहना है कि अगर वह पावर में नहीं रहीं, तो एक खास कम्युनिटी आपको खत्म कर देगी। वह मान रही हैं कि पश्चिम बंगाल में इतनी हिंसा है कि एक पूरी कम्युनिटी को राज्य से मिटाया जा सकता है।' संबित पात्रा ने कहा कि अगर एक कुर्सी पर बैठी हुई सीएम एक धर्म के लिए इस तरह की सोच रख रखी हैं कि धर्म विशेष के लोगों की मैं ही शिल्ड हूं तो यह अकबरुद्दीन औवैसी के बयान जैसा है।
अकबरुद्दीन औवैसी के बयान से की तुलना
संबित पात्रा ने ममता बनर्जी के इस बयान को AIMIM नेता अकबरुद्दीन औवैसी के उस बयान की तरह बताया जिसमें उन्होंने 15 मिनट के लिए पुलिस को हटाने की बात कही थी और कहा था कि फिर वह देख लेंगे। संबित पात्रा ने कहा, 'यह ठीक उसी प्रकार का है जैसा अकबरुद्दीन औवैसी ने कहा था कि 15 मिटन के लिए हिंदुओं का क्या होगा फिर आप जान जाएंगे। ममता बनर्जी ने अकबरुद्दीन औवैसी का वह बयान अलग शब्दों में दोहराया है।'
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान पर भी हो रहा युद्ध का असर, पेट्रोल में कटौती, घटी सैलरी, WFH लागू
सोशल मीडिया पर भी हो रही आलोचना
ममता बनर्जी के इस बयान की सोशल मीडिया पर भी जमकर आलोचना हो रही है। सीएम बनर्जी की इस वीडियो क्लिप को शेयर कर लोग सवाल कर रहे हैं कि वह किसे धमकी दे रही हैं। एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'यह दीदी जो बोल रही हैं कि यदि वU नहीं रहेंगी तो एक कम्युनिटी को एक सेकेंड नहीं लगेंगे बाकियों को समाप्त करने में। मुझे जानना था कि वह उस कम्यूनिटी को पाल रही हैं या कंट्रोल कर रही हैं? और हां, वह कम्यूनिटी कौन सी कम्यूनिटी है?'
सोशल मीडिया पर ज्यादातर लोग इस बयान को हिंदू समुदाय से जोड़कर देख रहे हैं कि सीएम ममता बनर्जी हिंदू समुदाय को कह रही हैं कि अगर उनके खिलाफ एक कम्युनिटी खड़ी हो गई तो उन्हें सेकंड़ों में खत्म कर देगी। हालांकि, कुछ लोगों का कहना है कि वह मुस्लिम समाज के लोगों से कह रही हैं। उन्होंने लिखा, 'आप दीदी के भाषण को गलत संदर्भ में ले रहे हैं। वह बाबरी मस्जिद के चलते खिसकते जा रहे अपने वोटबैंक को चेतावनी दे रही हैं और दुसरा मिटाने वाले निश्चित ही बीजेपी है।' सोशल मीडिया पर इस बयान को लेकर बहस जारी है लेकिन अभी तक सीएम बनर्जी और उनकी पार्टी की ओर से इस बयान पर कोई सफाई नहीं आई है।
