हरियाणा के नारनौल में नकाबपोश बदमाशों ने कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के पैतृक घर में घुसने की कोशिश। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया है कि घर में मौजूद काम करने वाले कर्मचारियों ने शोर मचाया तो शोर सुनकर सभी बदमाश भाग गए। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शनिवार रात नारनौल की शिव कॉलोनी में हुई और घटना के समय राव नरेंद्र सिंह के भाई राव देवेंद्र के परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद थे। 

 

पुलिस ने बताया कि चार-पांच नकाबपोश बदमाशों का एक समूह चारदीवारी फांदकर घर के पिछले हिस्से से अंदर घुस गया, उन्होंने सीसीटीवी के तार काट दिए और घर के कर्मचारियों के कमरों को बाहर से बंद कर दिया। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने इसके बाद धारदार औजारों से घर का पिछला दरवाजा तोड़ने की कोशिश की लेकिन शोर सुनकर घर के नौकर जाग गए और उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद घुसपैठिए चारदीवारी फांदकर भाग गए।

 

यह भी पढ़ें: लखनऊ में बवाल: वकीलों पर लाठीचार्ज, पुलिस पर पत्थरबाजी; मामला क्या है?

आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम गठित

पुलिस ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंच गए। नारनौल के पुलिस उपाधीक्षक भरत भूषण ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 330 (घर में घुसपैठ और सेंधमारी) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पैदल चलते दिखाई दिए बदमाश

पुलिस टीमों ने घर के पास लगे सीसीटीवी की फुटेज की पड़ताल की, जिसमें चार नकाबपोश व्यक्ति पैदल चलते दिखाई दे रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, ऐसा प्रतीत होता है कि आरोपी भिवानी-महेंद्रगढ़ में सक्रिय किसी गिरोह के सदस्य हो सकते हैं। भूषण ने कहा, “ऐसा लगता है कि वे राव नरेंद्र सिंह के घर में चोरी के इरादे से घुसे थे और हो सकता है कि यह घर उनका लक्ष्य न रहा हो।”

 

यह भी पढ़ें: बिहार: एक्सिस बैंक में मिले 500 रुपये के 22 फर्जी नोट, अब होगी जांच

हरियाणा की कानून व्यवस्था बिगड़ रही- कांग्रेस

उन्होंने कहा, 'हमें उम्मीद है कि इस मामले में जल्द ही आरोपी गिरफ्तार होंगे।' विपक्षी कांग्रेस ने इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था बिगड़ रही है। कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि आरोपियों ने सीसीटीवी कैमरे के तार काट दिए, ताले तोड़ दिए और सिंह के परिवार पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की।

 

उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। सुरजेवाला ने कहा कि अगर कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के घर ऐसी घटना हो सकती है, तो सोचिए आम लोग किस तरह के डर में जी रहे होंगे। उन्होंने कहा कि सिंह और कांग्रेस के अन्य नेताओं ने हरियाणा भर में संगठित अपराध माफिया के खिलाफ लगातार आवाज उठाई है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि हरियाणा में जबरन वसूली, फिरौती, हत्या और लूटपाट रोजमर्रा की घटनाएं बन गई हैं तथा अपराध का बोलबाला है।