उत्तर प्रदेश के जिला मथुरा में सोमवार सुबह रफ्तार का ऐसा कहर देखने को मिला, जिसने चार परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। जैत थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े ट्रक में तेज रफ्तार कार पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दो महिलाओं तथा दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार सुबह मथुरा के जैत थाना क्षेत्र में हुआ। कार में कुल सात लोग सवार बताए जा रहे थे। सभी लोग बरसाना से रामनरेती की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक में तेज रफ्तार कार पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रक में बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
यह भी पढ़ें: फतेहपुर में ट्रक से टकराई स्लीपर बस, कंडक्टर समेत 2 की मौत, 15 यात्री घायल
दो बच्चों और दो महिलाओं की दर्दनाक मौत
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और घायलों को उपचार के लिए सर्वोदय अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दो महिलाओं और दो बच्चों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान चार वर्षीय रुद्र, 10 वर्षीय कान्हा, 32 वर्षीय रूबी और 30 वर्षीय ज्योति के रूप में हुई है। हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें एक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
मध्य प्रदेश के भिंड के रहने वाले थे सभी
बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग मध्य प्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले थे। वे बरसाना से रामनरेती जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए इस भीषण हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। चार लोगों की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।
यह भी पढ़ें: 3 साल की मासूम की हत्या, पड़ोसन के कमरे में मिली लाश, बुलंदशहर में बवाल
पुलिस कर रही हादसे की जांच
पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में कार की तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े ट्रक से टक्कर को हादसे की वजह बताया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि ट्रक सड़क किनारे किस परिस्थिति में खड़ा था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी गहरा दुख और आक्रोश देखने को मिला।
