पश्चिम बंगाल में दो विधानसभा सीटों के उपचुनाव से ठीक पहले आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के संस्थापक हुमायूं कबीर ने एक विवादित बयान दे डाला। विधायक हुमायूं कबीर ने कहा कि वह सीएम सुवेंदु अधिकारी के 'जल्द जाने' और अल्लाह से 'उनकी टिकट बुक' करने की दुआ करेंगे। अब उनके बयान पर सियासी हंगामा मच गया। बीजेपी ने कबीर के बयान की कड़ी निंदा की।
दरअसल, मुर्शिदाबाद में पत्रकारों के साथ बातचीत में हुमायू कबीर ने सीएम सुवेंदु अधिकारी के बारे में कहा, 'मैं ऊपर वाले से जल्द दुनिया से चलने जाने की दुआ करेंगे। ऊपर वाला उनकी टिकट कटेगा।' इस दौरान हुमायूं कबीर ने उन नेताओं के नाम गिनाएं, जिन्होंने अलग-अलग दुर्घटनाओं में जान गंवाई।
यह भी पढ़ें: 'आवेश में एक आदमी जो करता, मैंने भी वही किया', थप्पड़ मामले में प्रवेश वर्मा
हुमायूं कबीर का कहना है कि वह चाहते हैं कि सुवेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद पर न रहें और पूर्व मुख्यमंत्री बन जाएं। उनका आरोप है कि सत्ता में आने के बाद भाजपा नेता 'अहंकारी' हो गए हैं और उनकी सरकार में अल्पसंख्यकों को परेशान किया जा रहा है। अपने बयान में हुमायूं कबीर ने इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, अजीत पवार और माधवराव सिंधिया की मौत का जिक्र किया।
बीजेपी ने बयान की आलोचना की
कबीर के बयान की बीजेपी ने कड़ी आलोचना की। बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखोपाध्याय ने कहा कि बंगाल में राजनीतिक शिष्टाचार का स्तर बेहद नीचे गिर गया है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि कोई इतनी बेशर्मी से इस तरह की बात कह सकता है। हो सकता है कि वह शुभेंदु अधिकारी को पसंद नहीं करते हों या उनकी नीतियों से असहमत हों, लेकिन क्या कोई किसी की मौत की कामना कर सकता है? मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान से अफगानिस्तान में घुसे 28 लड़ाके ढेर, अफगान रक्षा मंत्रालय का दावा
हालांकि विवाद बढ़ने पर हुमायूं कबीर ने सफाई जारी की और कहा कि मैंने सीएम का नाम नहीं लिया। हमारा बयान सिर्फ पुलिस कार्रवाई के बारे में था। हम उनकी लंबी उम्र की कामना करते हैं। अपना कार्यकाल पूरा करें और प्रधानमंत्री बने।
रेजीनगर में 6 अक्टूबर को उपचुनाव
हुमायूं कबीर ने इसी साल नौदा और रेजीनगर विधानसभा सीट से चुनाव जीता था। बाद में उन्होंने रेजीनगर सीट खाली कर दी। अब इसी सीट पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव है। 9 अक्टूबर को मतगणना होगी। उससे पहले ही हुमायूं कबीर के बयान ने सियासी पारा बढ़ा दिया है।
