संतोष ओझा, वाराणसी। उत्तर प्रदेश में चुनावी सरगर्मी लगातार बढ़ रही हैै। अभी चुनावों का एलान नही हुआ है लेकिन राज्य में सभी दल और उनके नेता अपने हिसाब से वोटरों को मैसेज दे रहे हैं। इसी सिलसिले में सरकार में राज्यमंत्री और वाराणसी उत्तरी से विधायक रवींद्र जायसवाल ने Gen-Z को लेकर बयान दिया है जिसकी काफी चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि पैसे देकर Gen-Z को नक्सली बनाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं को नसीहत दी है कि वह सोशल मीडिया पर थोड़ा समय बिताए और विरोधियों को जवाब देते रहें।
स्टांप व कोर्ट फी और रजिस्ट्रेशन राज्यमंत्री और विधायक रवींद्र जायसवाल वाराणसी में दीपावली मिलन समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे थे। वहां उनका दिया हुआ बयान अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
यह भी पढ़ें: पटना में STF का बड़ा एक्शन, तीन अपार्टमेंट में एक साथ रेड; 32 लोग हिरासत में
क्या है पूरा मामला?
वाराणसी में आयोजित एक सदीपावली मिलन कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री रवींद्र जायसवाल ने ऐतिहासिक संदर्भों, विपक्षी दलों और युवाओं (Gen-Z) को लेकर कई टिप्पणियां कीं। अपने संबोधन में उन्होंने मुगलों और अंग्रेजों का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्वजों की निष्क्रियता के कारण अंग्रेज हावी हुए थे। इसके साथ ही उन्होंने विपक्षी नेताओं के लिए 'मंदबुद्धि' और 'डकैत' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया।
इस दौर के युवाओं (Gen-Z) पर बात करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को पैसे देकर नक्सलाइट बनाया जा रहा है। भाषण के अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि वे सुबह-शाम एक-एक घंटा सोशल मीडिया पर सक्रिय रहकर विरोधियों को जवाब दें। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे समय में चुप रहना किसी अपराध से कम नहीं होगा।
सोशल मीडिया में प्रतिक्रिया
मंत्री के इस बयान के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। सोशल मीडिया यूजर्स और राजनीतिक विरोधियों ने इस बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि दीपावली मिलन जैसे अच्छे समय पर भी जमीनी मुद्दों से दूरी बनाई गई। आलोचकों का कहना है कि महंगाई, बच्चों की शिक्षा और कार्यकर्ताओं की आर्थिक स्थिति जैसे वास्तविक मुद्दों पर बात करने के बजाय केवल बयानबाजी और सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने की सलाह दी जा रही है। कुछ यूजर्स ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों का हवाला देते हुए इसे सत्ता पक्ष का अति-आत्मविश्वास भी करार दिया है।
यह भी पढ़ें: 'हम में कोई बात होगी...', अखिलेश के बयानों पर धीरेंद्र शास्त्री ने दिया जवाब
दूसरी ओर, पार्टी समर्थकों का मानना है कि मंत्री का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से जागरूक करना और सोशल मीडिया के दौर में विपक्ष के नैरेटिव का मजबूती से जवाब देने के लिए तैयार करना था। फिलहाल, यह वीडियो क्लिप स्थानीय राजनीतिक हलकों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से शेयर की जा रही है। इससे वाराणसी की सियासत में एक नई बहस छिड़ गई है।
