महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) इन दिनों अपनी सक्रियता के कारण लगातार चर्चा में बना हुआ है। महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने एक मुहिम चलाई है जिसमें राज्यभर में फूड बिजनेस की जांच की जा रही हैं और उन पर कार्रवाई भी की जा रही है। इसी कड़ी में अब मुंबई की मशहूर मिठाई की दुकान तिवारी ब्रदर्स मिठाईवाला खिलाफ भी FDA ने बड़ी कार्रवाई की है।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, तिवारी ब्रदर्स की दुकान से खरीदी गई काजू कतली में कथित तौर पर जंग लगा स्टेपलर पिन मिलने की शिकायत के बाद FDA ने चारनी रोड स्थित आउटलेट का FSSAI लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही मिठाई के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: असम में फिर से आने वाली है तबाही! आज कई राज्यों में होगी मूसलाधार बारिश
क्या है पूरा मामला?
यह मामला तब सामने आया जब मुंबई निवासी प्रणय पालव ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि उन्होंने 29 जुलाई को चारनी रोड स्थित तिवारी ब्रदर्स मिठाईवाला से 500 ग्राम काजू कतली खरीदी थी। उनके मुताबिक, जब वह अपनी तीन साल की बेटी को मिठाई खिलाने वाले थे, तभी एक टुकड़े में उन्हें जंग लगा स्टेपलर पिन दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते यह नजर नहीं आता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद उन्होंने इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए और महाराष्ट्र FDA में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।
FDA ने की कार्रवाई
महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन इन दिनों खूब सक्रिय दिखाई दे रहा है। शिकायत मिलने के बाद महाराष्ट्र FDA की टीम ने चारनी रोड स्थित दुकान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई से जुड़ी कुछ कमियां मिलने की बात कही। इसके बाद दुकान का FSSAI लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों ने काजू कतली के नमूने भी जब्त कर लैब जांच के लिए भेज दिए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि धातु का पिन मिठाई में कैसे पहुंचा।
यह भी पढ़ें: वाट्सऐप ने 'रिव्यू' में रखे कई अकाउंट्स, 24 घंटे के लिए क्यों किया एक्सेस ब्लॉक?
मामले की जांच जारी
FDA अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच के आधार पर यह कहना जल्दबाजी होगी कि स्टेपलर पिन मिठाई में कैसे पहुंचा। विभाग सभी पहलुओं की जांच कर रहा है। अधिकारियों ने यह भी कहा कि जांच पूरी होने और लैब रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह निर्माण प्रक्रिया के दौरान हुई लापरवाही थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। इसलिए फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना ठीक नहीं होगा।
