चंडीगढ़ में पीजीआई के पास सेक्टर-11 में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप मच गया। दो नकाबपोश बदमाशों ने श्रीकुमार केमिस्ट शॉप के कैशियर की गोली मारकर हत्या कर दी। चंडीगढ़ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना शनिवार दोपहर की है। आरोपियों ने मास्क और टोपी पहन रखी थी, ताकि पहचान न हो सके। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो भी वायरल है।

 

पुलिस के मुताबिक दो बदमाश दुकान के अंदर घुसे। वहीं उनका एक साथी बाइक से बाहर इंतजार कर रहा था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी एक ही बाइक से भागे हैं। पूरे शहर की नाकेबांदी करके बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है। चंडीगढ़ पुलिस का कहना है कि ऑटोमेटिक पिस्टल से करीब 13 राउंड फायरिंग की गई है। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया कि जानकी दास को कितनी गोली लगी हैं।

 

यह भी पढ़ें: विमान के टॉयलेट में मिला 4 करोड़ का सोना, हैरान कर देगा छिपाने का तरीका

 

वीडियो में मेडिकल स्टोर में सबकुछ सामान्य दिख रहा है। कुछ लोग खरीदारी करने में जुटे हैं। कैश काउंटर के पास एक शख्स अपना हिसाब कर रहा था। 2 बजकर 28 मिनट पर दो नकाबपोश युवक पहुंचे। दोनों ने टोपी पहन रखी है। एक युवक ने लाल चेक वाली शर्ट और दूसरे काले रंग की शर्ट पहन रखी है। 

 

 

 

 

वारदात से पहले दोनों युवक पूरी दुकान का मुआयना करते हैं। करीब 16 सेकंड में बंदूक बाहर निकालते हैं। कैश काउंटर के सामने ही आरोपी बंदूक लोड करता है। 2 बजकर 28 मिनट और 20 सेकंड पर युवक कैशियर पर ताबड़तोड़ फायरिंग करता है। दुकान में भगदड़ मच जाती है। जब तक कोई कुछ समझ पाता तब तक दोनों बदमाश भाग निकले।  

 

यह भी पढ़ें: 'किसी को बक्शा नहीं जाएगा', अखिलेश यादव की बेटी के समर्थन में आए CM योगी

 

चंडीगढ़ के एसएसपी सुमेर प्रताप सिंह ने बताया कि घटना शनिवार दोपहर 2:30 बजे की है। दो नकाबपोश दुकान पर पहुंचे और दुकान के कर्मचारी जानकी दास पर ताबड़तोड़ फायरिंग करके वहां से भाग निकले। एसएसपी ने आगे बताया कि बदमाशों का एक साथी बाहर मोटरसाइकिल पर इंतजार कर रहा था और तीनों एक साथ भागे हैं। जांच अभी शुरुआती दौर में है। 

 

यहां देखें वीडियो-

 

 

 

 

 

मृतक कर्मचारी जानकी दास धनास का रहने वाला था। यहां कैशियर का काम करता था। दुकान मालिक को पहले किसी भी प्रकार की धमकी भी नहीं मिली थी। एसएसपी ने बताया कि पूरे शहर की नाकेबंदी करके आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।