हरियाणा के फरीदाबाद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। फरीदाबाद के पल्ला के रोशन नगर में एक गली की खुदाई में 12 फीट गहरे गड्डे से एक महिला का शव मिला है। परिवार वालों ने बताया कि महिला लगभग 2 महीने से गायब थी। महिला के मायके वालों ने उसके लापता होने की जानकारी पुलिस को दी थी। महिला के मायके वालों को उसके ससुराल वालों पर शक था जिसके बाद पुलिस की मदद से उनके घर के सामने गली में खुदाई करवाई गई। इस खुदाई में महिला का गला हुआ शव मिला। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर ससुर समेत 4 लोगों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के खेड़ा मोहल्ला की रहने वाली तन्नू राजपूत की शादी 19 मई 2023 को पल्ला के रोशन नगर के पहने वाले अरुण से हुई थी। अरुण और तन्नू में शादी के कुछ समय बाद ही झगड़े होने शुरू हो गए। विवाद होने पर तन्नू अपनी मर्जी से घर छोड़कर चली जाती थी। ससुराल वालों ने 23 अप्रैल को महिला के मायके वालों को फोन कर बताया कि तन्नू अपनी मर्जी से घर छोड़कर चली गई है। इसके बाद मायके वालों ने पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने उनकी शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया था लेकिन पुलिस को महिला नहीं मिल सकी।
यह भी पढ़ें-- अगर हादसे में पूरा परिवार मर जाए तो संपत्ति किसको मिलेगी? समझिए नियम
ससुराल पर जताया हत्या का शक
जब करीब 20 दिनों तक महिला नहीं मिली तो मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या का शक जताया। परिवार वाले DCP से मिले और DCP ने को इस मामले में तेजी से जांच करने के आदेश दिए। पुलिस ने ससुराल वालों से पूछताछ की तो पुलिस को ससुराल वालों पर शक हो गया। पुलिस को पता चला कि महिला के ससुर ने करीब 2 महीने पहले टॉयलेट बनवाने के लिए अपने घर के सामने गड्ढा खुदवाया था। इसके बाद पुलिस का शक और भी गहरा हो गया। शुक्रवार (20 जून) को पुलिस ने गड्ढे को खुदवाया। खुदाई में महिला का शव बरामद हो गया। पुलिस हत्या की वजह और बाकी पहलुओं की जांच में लगी है।
पड़ोसियों को भी हुआ था शक
पुलिस ने पड़ोसियों से भी पूछताछ की थी लेकिन पड़ोसी तन्नू के बारे में कुछ नहीं बता सके। हालांकि, उन्होंने गड्ढे के बारे में पुलिस को बताया था। अब तन्नू की लाश मिलने के बाद पड़ोसी भी खुलकर बोल रहे हैं। उन्होंने बताया कि करीब 2 महीने पहले मृतक महिला के ससुर ने गली में गड्ढा यह कहते हुए खुदवाया था कि घर का गंदा पानी जाने के लिए कोई जगह नहीं है। इसके 3 दिन बाद उन्होंने कहना शुरू कर दिया कि उनकी बहु तनु घर से भाग गई है, जिसके बाद पड़ोसियों को भी उन पर शक हुआ। उन्होंने बताया कि अब पुलिस ने उसी गड्ढे से शव बरामद किया है।
मिस्त्री ने क्या बताया था?
इस मामले में पुलिस ने गड्ढा खोदने वाले मिस्त्री से भी पूछताछ की थी। इस पूछताछ में पुलिस को अहम सुराग मिले। मिस्त्री ने पुलिस को बताया कि भूप सिंह ने टॉयलेट के लिए गड्ढा खुदवाया था। जब वह अगले दिन काम पर आया तो गड्ढा भरा हुआ था। मकान मालिक और परिवार के लोगों ने उसे बताया कि टॉयलेट नहीं बनवाना है सिर्फ सीढ़ी बनवानी है। इस पर मिस्त्री ने घर की सीढ़ी बना दी थी। गड्ढे के ऊपर भी ईंटे डाल दी गई थीं। इसके बाद ही पुलिस ने गड्ढा खुदवाने का फैसला किया।
यह भी पढ़ें: अपनी प्रेमिका से अपने ही बेटे की शादी तय की, फिर खुद ही कर लिया निकाह
पुलिस कर रही जांच
इस मामले ने DCP (सेंट्रल) ऊषा कुंडू ने बताया कि उन्हें एक सप्ताह पहले शिकायत की गई थी। जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गड्ढे से शव को बरामद किया है। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।